कुएं में गिरने से इंटर के छात्र की मौत, गांव में मातम
धीना (चंदौली)। थाना क्षेत्र के बरहन गांव में सोमवार को एक और दुखद घटना से गांव शोक में डूब गया। गांव निवासी अनुज कुमार (18) की खेत पर स्थित कुएं में गिरने से मौत हो गई।
धीना, चंदौली

4:08 PM, Mar 2, 2026
धीना (चंदौली)। थाना क्षेत्र के बरहन गांव में सोमवार को एक और दुखद घटना से गांव शोक में डूब गया। गांव निवासी अनुज कुमार (18) की खेत पर स्थित कुएं में गिरने से मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, अनुज सुबह करीब 11:00 बजे खेत की ओर घूमने गया था। कुछ देर वह कुएं के पास बैठा रहा। इसी दौरान कुएं से उठते समय उसका पैर फिसल गया और वह सीधे कुएं में जा गिरा। डूबने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कुछ युवकों ने साहस दिखाते हुए कुएं में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद अनुज को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
बताया जाता है कि अनुज पहले कमालपुर इंटर कॉलेज का छात्र रहा था और इस समय धानापुर स्थित अमर वीर इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रहा था। उसकी असमय मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
Advertisement
सूचना पर पहुंची थाना धीना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय चंदौली भेज दिया।
थानाध्यक्ष दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों से तहरीर प्राप्त हुई है। प्रथम दृष्टया पैर फिसलने से कुएं में गिरकर डूबने की बात सामने आई है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में गांव में हुई दूसरी दुखद घटना के बाद पूरे बरहन गांव में मातम पसरा हुआ है।
