चंधासी कोयला मंडी समेत कई क्षेत्रों में चला सघन चेकिंग अभियान, 178 वाहनों का चालान
अभियान के दौरान कुल 178 वाहनों का चालान करते हुए 6 लाख 7 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। वहीं बीते तीन दिनों में कुल 521 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 14 लाख 90 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
चंदौली

6:55 PM, May 10, 2026
चंदौली। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में रविवार को यातायात पुलिस ने चंधासी कोयला मंडी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कुल 178 वाहनों का चालान करते हुए 6 लाख 7 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। वहीं बीते तीन दिनों में कुल 521 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 14 लाख 90 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
यातायात पुलिस ने चंधासी कोयला मंडी और अन्य क्षेत्रों में अवैध रूप से खड़े 147 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 लाख 61 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके अलावा 15 वाहनों को सीज करते हुए 1 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
Advertisement
ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 3 वाहनों का चालान कर 6 हजार रुपये तथा प्रेशर हार्न का उपयोग करने वाले 13 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस के अनुसार चंधासी कोयला मंडी क्षेत्र में अवैध पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इसे देखते हुए विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कार्रवाई की गई। साथ ही ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रेशर हार्न और मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
