गंगा तट पर कटान का निरीक्षण, मानसून से पहले सुरक्षात्मक कार्य पूरे करने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी राल्लपल्ली जगत साँई ने मंगलवार को गुरैनी पंप कैनाल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गंगा नदी के तट पर हो रहे कटान का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आगामी मानसून से पहले सभी आवश्यक सुरक्षात्मक एवं मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

5:31 PM, Jun 9, 2026
चंदौली। मुख्य विकास अधिकारी राल्लपल्ली जगत साँई ने मंगलवार को गुरैनी पंप कैनाल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गंगा नदी के तट पर हो रहे कटान का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आगामी मानसून से पहले सभी आवश्यक सुरक्षात्मक एवं मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय बंधी प्रखंड के अधिशासी अभियंता, लघु डाल के अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय किसान मुन्ना सिंह एवं दीनानाथ श्रीवास्तव ने भी मौके पर उपस्थित रहकर क्षेत्र की स्थिति से अधिकारियों को अवगत कराया।
सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगा तट पर कटान से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपायों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि बारिश के मौसम में संभावित नुकसान को रोका जा सके।
Advertisement
इसके साथ ही अधिशासी अभियंता, बंधी प्रखंड को गंगा तट के दीर्घकालिक संरक्षण एवं कटान-रोधी कार्यों के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। इस योजना का उद्देश्य भविष्य में नदी कटान से होने वाली क्षति को प्रभावी ढंग से रोकना और तटीय क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
प्रशासन का मानना है कि समय रहते सुरक्षात्मक कार्य पूर्ण होने से मानसून के दौरान किसानों की भूमि तथा तटवर्ती क्षेत्रों को होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
