बाल संरक्षण व्यवस्था मजबूत करने की पहल, शहाबगंज में BCPC बैठक व प्रशिक्षण आयोजित
शहाबगंज (चंदौली)। मिशन वात्सल्य के अंतर्गत ब्लॉक सभागार शहाबगंज में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति (BCPC) की बैठक आयोजित की गई। इसके साथ ही ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति (VLCPC) के सचिवों तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम स्तर पर बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत करना और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना रहा
शहाबगंज, चंदौली

5:17 PM, Sep 11, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज (चंदौली)। मिशन वात्सल्य के अंतर्गत ब्लॉक सभागार शहाबगंज में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति (BCPC) की बैठक आयोजित की गई। इसके साथ ही ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति (VLCPC) के सचिवों तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम स्तर पर बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत करना और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी, विद्यालय से बाहर बच्चों की पहचान, बच्चों के साथ हिंसा एवं दुर्व्यवहार, बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण तथा जरूरतमंद बच्चों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। VLCPC सचिवों को समिति की भूमिका एवं जिम्मेदारियों के साथ बच्चों से जुड़े मामलों की पहचान, सूचना देने, समिति स्तर पर कार्रवाई और रिपोर्टिंग की प्रक्रिया समझाई गई।
वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र में बच्चों से जुड़े जोखिमों की पहचान करने तथा बाल विवाह, बाल श्रम और विद्यालय से बाहर बच्चों के मामलों की जानकारी संबंधित स्तर पर देने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें बताया गया कि गांव और समुदाय में बच्चों एवं उनके परिवारों से निरंतर संपर्क में रहने के कारण वे बाल संरक्षण से जुड़े मामलों की शुरुआती पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यक्रम में ग्राम स्तर पर बाल संरक्षण समितियों की नियमित बैठक, बच्चों की समस्याओं की पहचान तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। साथ ही बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और हिंसा, शोषण अथवा उपेक्षा की स्थिति में निर्धारित बाल संरक्षण तंत्र के माध्यम से समय से कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
Advertisement
विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर
मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान की ओर से शहनाज और गणेश प्रसाद ने प्रशिक्षण में बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में संबंधित समिति के सदस्यों, ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के सचिवों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता रही।
इस दौरान बीडीओ दिनेश सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार, एडीओ पंचायत अरविंद सिंह, सीडीपीओ आनंद सिंह, सीडब्ल्यूपीओ कमलाकांत, एडीओ आईएसबी अजय प्रताप सिंह, स्वास्थ्य विभाग से एमओआईसी, समाज कल्याण विभाग से पंकज कुमार तथा डीसीपीयू से ताहिर हुसैन, धर्मेंद्र कुमार सिंह और भैयालाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्राम स्तर पर बाल संरक्षण व्यवस्था को सक्रिय बनाने, जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा एवं आवश्यक सेवाओं से जोड़ने तथा सुरक्षित एवं संरक्षणात्मक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
