भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से रौंदा, मानव सुथार का शानदार डेब्यू
भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए पारी और 300 रनों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने मैच के तीसरे ही दिन मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह टेस्ट क्रिकेट में पारी के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत है।
क्रिकेट

3:22 PM, Jun 8, 2026
नई दिल्ली। भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए पारी और 300 रनों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने मैच के तीसरे ही दिन मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह टेस्ट क्रिकेट में पारी के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत है।
भारत ने अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की। जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी मात्र 152 रन पर सिमट गई, जिससे भारत को 412 रनों की विशाल बढ़त मिली। इसके बाद भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को फॉलोऑन दिया।
फॉलोऑन खेलने उतरी अफगानिस्तान की टीम दूसरी पारी में भी संघर्ष करती नजर आई और 112 रन पर ढेर हो गई। अशरफ चोट के कारण बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके। अफगानिस्तान की ओर से दूसरी पारी में सेदिकुल्लाह अटल ने सर्वाधिक 42 रन बनाए, जबकि केवल तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके।
Advertisement
भारत की ओर से टेस्ट डेब्यू कर रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहली पारी में छह विकेट लेकर अफगान बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जबकि दूसरी पारी में भी एक विकेट अपने नाम किया। दूसरी पारी में वाशिंगटन सुंदर ने चार विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव ने तीन और मोहम्मद सिराज ने एक विकेट हासिल किया।
अफगानिस्तान की बल्लेबाजी पूरे मैच में बेअसर रही। पहली पारी में रहमत शाह ही एकमात्र बल्लेबाज रहे जिन्होंने अर्धशतक लगाया था, जबकि दूसरी पारी में कोई भी बल्लेबाज पचास रन का आंकड़ा नहीं छू सका।
हालांकि यह मुकाबला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं था, इसलिए भारत को अंक तालिका में कोई लाभ नहीं मिलेगा। अब दोनों टीमों के बीच 13 जून से तीन मैचों की वनडे श्रृंखला खेली जाएगी।
