लाई-चूड़ा की दुकान की आड़ में चल रहा था पटाखों का अवैध गोदाम, 525 किलो पटाखे बरामद
सैयदराजा (चंदौली)। कस्बे में लाई-चूड़ा की दुकान की आड़ में अवैध रूप से पटाखों का बड़ा गोदाम संचालित किया जा रहा था। रविवार की रात पुलिस ने छापेमारी कर 39 बोरियों में रखे 525 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए। मौके से दुकान संचालक मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया। पटाखों का भंडारण घनी रिहायशी आबादी के बीच मकान की तीसरी मंजिल पर किया गया था।
चन्दौली

सैयदराजा पुलिस की कार्रवाई – 525 किलो अवैध पटाखे बरामद।
3:03 PM, Nov 2, 2026
सैयदराजा में पुलिस की छापेमारी, एक गिरफ्तार; घनी आबादी के बीच तीसरी मंजिल पर रखा था विस्फोटक सामान
सैयदराजा (चंदौली)। कस्बे में लाई-चूड़ा की दुकान की आड़ में अवैध रूप से पटाखों का बड़ा गोदाम संचालित किया जा रहा था। रविवार की रात पुलिस ने छापेमारी कर 39 बोरियों में रखे 525 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए। मौके से दुकान संचालक मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया। पटाखों का भंडारण घनी रिहायशी आबादी के बीच मकान की तीसरी मंजिल पर किया गया था।
पुलिस के अनुसार, एक नवंबर की रात करीब नौ बजे आरक्षी राजू सिंह को यक्ष ऐप के माध्यम से बीट सूचना मिली कि कस्बे के वार्ड नंबर एक अम्बेडकरनगर स्थित रामजानकी मंदिर के सामने एक लाई-चूड़ा की दुकान में भारी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं। सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर को अवगत कराते हुए थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
Advertisement
पुलिस ने दुकान और मकान की तलाशी ली तो तीसरी मंजिल पर बोरियों और गत्तों में भरकर रखे गए पटाखे मिले। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर कुल 39 बोरियों में 525 किलोग्राम पटाखे पाए गए। इनमें चटाई बम, हवाई बम, माचिस बम, चकरी, फुलझड़ी, रॉकेट और अन्य कई प्रकार के पटाखे शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि बिना वैध लाइसेंस और अनुमति के घनी आबादी के बीच सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया गया था। इससे किसी बड़ी दुर्घटना का खतरा बना हुआ था।
मामले में गिरफ्तार मनोज कुमार पुत्र मोहन साव निवासी वार्ड नंबर एक, सैयदराजा के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 322/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस और 9बी विस्फोटक अधिनियम 1884 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र सहित उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद, गोपाल जी तिवारी, गंगाधर मौर्या, लालधर यादव, रावेन्द्र सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
