चन्दौली में 61 लाख की अवैध बीयर बरामद, बिहार तस्करी के लिए जा रहा ट्रक पकड़ा, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चन्दौली पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर चौकी नवीन मंडी के सामने वाराणसी-बिहार राष्ट्रीय राजमार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान ट्रक संख्या MH18BG7712 को रोककर तलाशी ली गई। जांच में ट्रक में भूसी की आड़ में छिपाकर रखी गई पंजाब निर्मित 'HOWARD 500' ब्रांड की कुल 1210 पेटी अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद हुई।
चंदौली

चन्दौली पुलिस द्वारा बरामद ट्रक और अवैध बीयर की खेप।
2:34 PM, Jun 4, 2026
चन्दौली। थाना चन्दौली पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी बीयर से लदे एक ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक से करीब 61 लाख रुपये मूल्य की 1210 पेटी बीयर बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शराब, गौ-तस्करी तथा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चन्दौली पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर नवीन मंडी चौकी के सामने वाराणसी-बिहार राष्ट्रीय राजमार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान ट्रक संख्या MH18BG7712 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रक में भूसी की आड़ में छिपाकर रखी गई ‘HOWARD 500’ ब्रांड की पंजाब निर्मित कुल 1210 पेटी अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद हुई। बरामद बीयर की कुल मात्रा 14,520 लीटर बताई गई है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जनपद निवासी मूला राम (28 वर्ष) पुत्र भेरा राम तथा हितेन्द्र कुमार (25 वर्ष) पुत्र किशना राम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बीयर की खेप पंजाब से लादकर बिहार के औरंगाबाद जिले में पहुंचाने जा रहे थे। इसके बदले उन्हें प्रति चक्कर 50 हजार रुपये मिलते थे। पुलिस को गुमराह करने के लिए उन्होंने ट्रक में भूसी लदे होने की बात कही थी।
इस मामले में थाना चन्दौली पर आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार बरामदगी में एक ट्रक, 29,040 बीयर कैन तथा कुल 14,520 लीटर अवैध बीयर शामिल है। इस कार्रवाई को थाना चन्दौली पुलिस, स्वाट टीम एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।
