जोगवा गांव में भीषण चोरी, लाखों के जेवर व सामान लेकर फरार हुए चोर
पीड़ित गजाधर राजभर ने बताया कि रात करीब एक बजे वह छत पर उठे थे, तब तक सब कुछ सामान्य था। करीब ढाई बजे जब दोबारा उनकी नींद खुली और वह नीचे आए तो घर का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और जेवर समेत कई कीमती वस्तुएं गायब थीं। इसके बाद तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई।
धीना, चंदौली

8:52 AM, May 27, 2026
धीना। थानाक्षेत्र के जोगवा गांव में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात व कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार जोगवा गांव निवासी गजाधर राजभर के घर चोर छत के रास्ते दाखिल हुए। बताया जा रहा है कि चोर छत से नीचे उतरकर कमरे में पहुंचे और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, कीमती साड़ियां तथा अन्य सामान समेटकर फरार हो गए। चोरी के बाद चोर घर का दरवाजा खोलकर निकल गए।
पीड़ित गजाधर राजभर ने बताया कि रात करीब एक बजे वह छत पर उठे थे, तब तक सब कुछ सामान्य था। करीब ढाई बजे जब दोबारा उनकी नींद खुली और वह नीचे आए तो घर का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और जेवर समेत कई कीमती वस्तुएं गायब थीं। इसके बाद तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई।
Advertisement
सूचना मिलने के लगभग आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस गश्त में कमी आने से चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं। उनका कहना है कि पहले नियमित गश्त होने से ऐसी घटनाएं कम होती थीं।
इस संबंध में थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने पर रात में डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची थी। पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
