स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान में सक्रिय भागीदारी- मीना
अभियान के दौरान मंडल मुख्यालय स्थित मंडल रेल चिकित्सालय में मासिक धर्म स्वच्छता, प्रसवपूर्व देखभाल, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर एवं स्तन कैंसर पर केंद्रित संगोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर केशब चम्प्रमनरी की देखरेख में आयोजित संगोष्ठी में शामिल विशेषज्ञ महिला चिकित्सकों ने विषय पर ध्यान देने योग्य बातों सहित आवश्यक जानकारी साझा की।
डीडीयू नगर

8:15 AM, Sep 27, 2025

न्यूज डेस्क
जनपद न्यूज़ टाइम्सचंदौली। डीडीयू रेल मंडल में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के अंतर्गत महिला स्वास्थ्य, पोषण और जागरूकता को लेकर निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के समग्र मार्गदर्शन में मेडिकल विभाग द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों और विचार सत्रों का आयोजन किया गया।जिससे महिला सशक्तिकरण और परिवार की समृद्धि को बल मिल रहा है।
अभियान के दौरान मंडल मुख्यालय स्थित मंडल रेल चिकित्सालय में मासिक धर्म स्वच्छता, प्रसवपूर्व देखभाल, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर एवं स्तन कैंसर पर केंद्रित संगोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर केशब चम्प्रमनरी की देखरेख में आयोजित संगोष्ठी में शामिल विशेषज्ञ महिला चिकित्सकों ने विषय पर ध्यान देने योग्य बातों सहित आवश्यक जानकारी साझा की। महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा चित्रा सिंह ने अन्य सदस्याओं के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। लगभग 100 महिला मरीजों एवं उनके परिजनों ने कार्यक्रम में भाग लिया।इसके पूर्व 24 सितम्बर बुधवार को मंडल रेल चिकित्सालय में नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं को नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इसी दिन गया स्टेशन स्थित अनुमंडल रेल चिकित्सालय में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर संदीप कुमार की देखरेख में गर्भाशय ग्रीवा एवं स्तन कैंसर पर विशेष जागरूकता संगोष्ठी भी संपन्न हुई। विशेषज्ञ महिला चिकित्सक से उपयोगी जानकारी प्राप्त कर शामिल महिलाएं लाभान्वित हुईं।
Advertisement
मेडिकल विभाग द्वारा अभियान के अंतर्गत उच्च रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया, टीबी, सिकल सेल रोग, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और मासिक धर्म स्वच्छता जैसे विषयों पर स्क्रीनिंग और जागरूकता गतिविधियाँ लगातार आयोजित की जा रही हैं। यह अभियान केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि एक व्यापक जन आंदोलन है जो महिला सशक्तिकरण, परिवार की समृद्धि और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देता है।डीडीयू मंडल इस राष्ट्रीय प्रयास में पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ सक्रिय भूमिका निभा रहा है।