दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर, युवक की मौत; बहन समेत दो घायल
कमालपुर। सकलडीहा क्षेत्र क़े नौरंगाबाद मे सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। सड़क पार करते समय दो बाइकों की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
कमालपुर, चंदौली

मृतक शुभम सिंह का फाइल फोटो
7:07 PM, Sep 28, 2026
ज़लील अंसारी
जनपद न्यूज़ टाइम्सकमालपुर। सकलडीहा क्षेत्र क़े नौरंगाबाद मे सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। सड़क पार करते समय दो बाइकों की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
कादिराबाद निवासी शुभम सिंह (24) अपनी बहन नेहा सिंह (30) के साथ नौरंगाबाद स्थित जनसहज सेवा केंद्र से रुपये निकालकर बुलेट से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सड़क पार करते समय सकलडीहा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने शुभम सिंह को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनकी बहन नेहा सिंह का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि दूसरी बाइक सवार अभिषेक (30), पुत्र श्रीप्रताप, निवासी मिर्जापुर, थाना धानापुर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
Advertisement
हादसे की सूचना मिलते ही थाना सकलडीहा के थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शुभम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई।
एक पल में उजड़ गई खुशियां: घर लौट रहे शुभम को क्या पता था कि रास्ते में मौत उसका इंतजार कर रही है। सड़क हादसे ने एक परिवार से उसका जवान बेटा छीन लिया, जबकि बहन अस्पताल में जिंदगी की मुश्किल घड़ी से जूझ रही है। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
