बड़गावां में जिला स्तरीय रात्रि कैनवस क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता सिंह तथा एसआरवीएस के डायरेक्टर श्याम जी सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन समारोह के दौरान खेल मैदान देशभक्ति गीतों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।कमेटी के आयोजकों ने सभी अतिथियों का माला पहनाकर अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया
शहाबगंज, चंदौली

2:51 PM, May 18, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्स
उद्घाटन मैच में नाथुपुर की टीम ने पतेरी बिहार को सात विकेट से हराया
शहाबगंज चंदौली। क्षेत्र के बड़गावां गांव में शहंशाह स्पोर्टिंग क्लब बड़गावां के तत्वावधान में आयोजित सीजन-6 जिला स्तरीय रात्रि कैनवस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार देर शाम रंगारंग कार्यक्रम के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता सिंह तथा एसआरवीएस के डायरेक्टर श्याम जी सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन समारोह के दौरान खेल मैदान देशभक्ति गीतों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।कमेटी के आयोजकों ने सभी अतिथियों का माला पहनाकर अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सरिता सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना का पाठ पढ़ाता है। ऐसे आयोजन गांवों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजक मंडल की सराहना करते हुए कहा कि बड़गावां में लगातार छह वर्षों से प्रतियोगिता का सफल आयोजन क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में युवाओं के खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे और क्षेत्र में खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे।
Advertisement
वहीं एसआरवीएस के डायरेक्टर श्याम जी सिंह ने कहा कि खेल से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है और वे गलत रास्तों से दूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में क्रिकेट प्रतियोगिताओं के माध्यम से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
राष्ट्रगान के बाद प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच नाथुपुर और पतेरी बिहार की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पतेरी बिहार की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 64 रन बनाए। जवाब में उतरी नाथुपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर शेष रहते ही 65 रन बनाकर सात विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। नाथुपुर टीम के खिलाड़ी शाकिब को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
