लंबित मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवक करेंगे कार्य बहिष्कार, 3 दिसंबर को विधानसभा का करेंगे घेराव
शहाबगंज, चंदौली। ग्राम रोजगार सेवकों की लंबित मांगों पर शासन और विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्राम रोजगार सेवक संघ संघर्ष समिति ने आंदोलन का ऐलान किया है। समिति ने शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह को पत्र सौंपकर मांगों के समर्थन में कार्य बहिष्कार और विधानसभा घेराव की चेतावनी दी है।
शहाबगंज, चंदौली

2:25 PM, Nov 20, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज, चंदौली। ग्राम रोजगार सेवकों की लंबित मांगों पर शासन और विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्राम रोजगार सेवक संघ संघर्ष समिति ने आंदोलन का ऐलान किया है। समिति ने शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह को पत्र सौंपकर मांगों के समर्थन में कार्य बहिष्कार और विधानसभा घेराव की चेतावनी दी है।
समिति की ओर से 20 नवंबर 2026 को दिए गए पत्र में कहा गया है कि ग्राम रोजगार सेवक लंबे समय से मानदेय में वृद्धि, ईपीएफ भुगतान, चिकित्सा सुविधा सहित अन्य विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। बीते 13 नवंबर को ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में समस्याओं के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
संघ ने निर्णय लिया है कि 21 से 23 नवंबर तक आयोजित विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान प्रदेश के सभी ग्राम रोजगार सेवक कार्य बहिष्कार कर विरोध दर्ज कराएंगे। इसके साथ ही मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह करने, चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और अन्य लंबित मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
Advertisement
पत्र में चेतावनी दी गई है कि 27 नवंबर को जिला मुख्यालयों पर तथा 3 दिसंबर 2026 को प्रदेश के हजारों ग्राम रोजगार सेवक विधानसभा का घेराव करेंगे।
समिति के अध्यक्ष विनीत कुमार श्रीवास्तव ने प्रशासन से मांगों की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। इस दौरान उपाध्यक्ष मुमताज अहमद, महामंत्री जय प्रकाश मौर्य, कोषाध्यक्ष राजनीश कुमार सिंह, सचिव दिनबन्धु, संतोष पाण्डेय,अनिल कुमार सिंह, यशवंत, रामप्रकाश सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
