सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन की मांग को लेकर अनुदेशकों का क्रमिक अनशन जारी
धानापुर (चंदौली)। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में करीब 14 वर्षों से कार्यरत अनुदेशकों का क्रमिक अनशन रविवार को आठवें दिन भी लोकुआ स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास जारी रहा। परिषदीय अनुदेशक उत्थान समिति के बैनर तले अनुदेशकों ने सुप्रीम कोर्ट के 4 फरवरी 2026 के आदेश का पूर्ण अनुपालन कराने, लंबित एरियर का तत्काल भुगतान करने और वर्तमान पद पर ही नियमितीकरण की मांग उठाई।
धानापुर, चन्दौली

4:28 PM, Nov 1, 2026
Writing
14 वर्षों की सेवा का सम्मान, लंबित एरियर भुगतान और नियमितीकरण की मांग को लेकर आठवें दिन भी प्रदर्शन
धानापुर (चंदौली)। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में करीब 14 वर्षों से कार्यरत अनुदेशकों का क्रमिक अनशन रविवार को आठवें दिन भी लोकुआ स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास जारी रहा। परिषदीय अनुदेशक उत्थान समिति के बैनर तले अनुदेशकों ने सुप्रीम कोर्ट के 4 फरवरी 2026 के आदेश का पूर्ण अनुपालन कराने, लंबित एरियर का तत्काल भुगतान करने और वर्तमान पद पर ही नियमितीकरण की मांग उठाई।
अनशनरत अनुदेशकों का कहना है कि वे पिछले 14 वर्षों से विद्यालयों में बच्चों के भविष्य को संवारने में योगदान दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अपने अधिकारों और सेवा सुरक्षा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि सरकार को उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
Advertisement
समिति के जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार 6 अगस्त तक एरियर का भुगतान किया जाना था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं हुआ है। यह न्यायालय के आदेश का अनुपालन नहीं होने का मामला है। उन्होंने सरकार और संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की।
इस दौरान अनुदेशकों ने एकजुट होकर नारेबाजी की और 14 वर्षों की सेवा का सम्मान करने, लंबित एरियर का भुगतान करने तथा वर्तमान पद पर नियमित करने की मांग उठाई। समिति ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से जारी रहेगा।
अनशन में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बीनू यादव, वंदना यादव, संगीता चौरसिया, शशिकला सिंह, इंदुबाला, ऋषि यादव, आशुतोष कुमार, संजय चौहान, संजय कुमार, अमरनाथ राय, नरेंद्र कुमार, स्वदेश भारती, प्रदीप कुमार, संतोष कुमार सहित दर्जनों अनुदेशक मौजूद रहे।
