आधी रात को अचानक फटा गैस सिलेंडर, पांच घायल
बलुआ थाना क्षेत्र के चकनौदर गांव में मंगलवार की देर रात एक घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मकान के परखच्चे उड़ गए और आसपास अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए, जबकि पास में बंधे पशुओं को भी चोटें आईं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
चहनिया, चंदौली

चकनौदर में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद सामान हटाते परिजन व ग्रामीण
4:03 PM, May 27, 2026
सुधींद्र पांडेय
जनपद न्यूज़ टाइम्स
चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के चकनौदर गांव में मंगलवार की देर रात एक घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मकान के परखच्चे उड़ गए और आसपास अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए, जबकि पास में बंधे पशुओं को भी चोटें आईं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी भरत यादव व लालव्रत यादव पुत्र अदालत यादव का सटा हुआ मकान है। भरत यादव के करकट से बने मकान में रखा घरेलू गैस सिलेंडर मंगलवार की रात अचानक फट गया। धमाका इतना तेज था कि करीब तीन किलोमीटर दूर तक आवाज सुनाई दी। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई।
बताया गया कि भरत यादव और उनकी पत्नी मकान के पीछे सो रहे थे, जबकि लालव्रत यादव कुछ दूरी पर नया मकान बनवा रहे थे। विस्फोट की चपेट में आकर लालव्रत यादव की पत्नी 40 वर्षीय शकुंतला देवी, उनके पुत्र 18 वर्षीय शुभम यादव व 15 वर्षीय शिवम यादव तथा भरत यादव के पुत्र 18 वर्षीय राहुल यादव और 19 वर्षीय जोगिंदर यादव घायल हो गए। सभी लोग मकान के पास बाहर सो रहे थे।
Advertisement
घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सिलेंडर विस्फोट से करकट का मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घर में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। हादसे के बाद पीड़ित परिवार का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है तथा उनके सामने रहने की भी समस्या खड़ी हो गई है।
