टैक्स टेररिज्म से टैक्स ट्रस्ट की ओर: बजट-2026 का सबसे बड़ा संदेश
भारत का टैक्स सिस्टम अब डराने वाला नहीं, बल्कि भरोसे का जरिया बनने की दिशा में बढ़ता दिख रहा है। यह मांग कोई नई नहीं थी, लेकिन वैश्विक स्तर पर अर्थव्यवस्था में असमंजस और अविश्वास के माहौल के बीच मोदी सरकार ने टैक्सपेयर्स का विश्वास जीतने का बड़ा दांव खेला है।

6:26 AM, Feb 2, 2026
बजट
जनपद न्यूज़ टाइम्सभारत का टैक्स सिस्टम अब डराने वाला नहीं, बल्कि भरोसे का जरिया बनने की दिशा में बढ़ता दिख रहा है। यह मांग कोई नई नहीं थी, लेकिन वैश्विक स्तर पर अर्थव्यवस्था में असमंजस और अविश्वास के माहौल के बीच मोदी सरकार ने टैक्सपेयर्स का विश्वास जीतने का बड़ा दांव खेला है।
जन-विश्वास 2.0 को जमीन पर उतारते हुए सरकार ने साफ संदेश दिया है—हर करदाता अपराधी नहीं होता और हर तकनीकी चूक टैक्स चोरी नहीं होती।
टैक्स टेररिज्म पर सीधा प्रहार
दशकों से यह विडंबना रही है कि टीडीएस जमा करने में मामूली देरी या कागजी दस्तावेजों की छोटी-सी गलती भी कारोबारियों को नोटिस, कचहरी और यहां तक कि जेल तक ले जाती थी।
बजट-2026 इसी दमनकारी मानसिकता को बदलने की कोशिश करता है। नीति आयोग की सिफारिशों को अमल में लाते हुए सरकार ने स्पष्ट किया है कि अनजाने में हुई गलतियों को अब आपराधिक कृत्य नहीं माना जाएगा। ऐसे मामलों में केवल नागरिक दंड लगाया जाएगा, न कि आपराधिक कार्रवाई।
भारी पड़ रही मुकदमेबाजी
सरकार की यह पहल इसलिए भी अहम है क्योंकि टैक्स विवादों में देश की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा फंसा हुआ है।
करीब 16.75 लाख करोड़ रुपये की राशि अलग-अलग टैक्स मामलों में अटकी है—वह पूंजी जो उद्योगों, स्टार्टअप्स और रोजगार सृजन की धड़कन बन सकती थी।
आंकड़े बताते हैं कि:
आयकर अपील के 5.4 लाख से अधिक मामले ट्रिब्यूनलों में लंबित हैं
हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में 40 हजार से ज्यादा मामले अभी फैसले का इंतजार कर रहे हैं
मोटर दुर्घटना पीड़ितों को बड़ी राहत
बजट-2026 में मोटर दुर्घटना पीड़ितों के लिए भी बड़ी राहत दी गई है।
अब मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (MACT) द्वारा दिए गए मुआवजे पर मिलने वाला ब्याज पूरी तरह टैक्स-मुक्त होगा।
इस ब्याज पर न आयकर लगेगा
Advertisement
न ही टीडीएस कटेगा
इस फैसले से हादसों में घायल लोगों और मृतकों के परिजनों को सीधा लाभ मिलेगा, जिन्हें अब पूरी ब्याज राशि मिल सकेगी। यह मामला लंबे समय से विवाद में था और सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन भी रहा है।
MSME सेक्टर को संजीवनी
सबसे ज्यादा दबाव झेलने वाले सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) के लिए यह बजट किसी संजीवनी से कम नहीं।
टीसीएस और टीडीएस रिटर्न फाइलिंग में देरी को अपराध की श्रेणी से बाहर करना एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
सरकार का संकेत साफ है कि अप्रैल 2026 से लागू होने वाला नया आयकर अधिनियम-2025:
जटिल कानूनों को सरल बनाएगा
अधिकारियों के असीमित विवेकाधिकारों पर लगाम कसेगा
टैक्स प्रशासन को फैसिलिटेटर की भूमिका में लाएगा
राहत कब होगी मुकम्मल?
आयकर में शुरू हुई यह राहत तब पूरी मानी जाएगी, जब जीएसटी के कठोर प्रावधानों में भी इसी तरह का मानवीय और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाया जाएगा।
सरकार ने हाथ बढ़ाया है, लेकिन भरोसे का यह सेतु तभी मजबूत होगा जब विभाग का कलेक्टर वाला रवैया बदलकर सुविधा देने वाला रवैया बने।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, जब दुनिया अविश्वास के दौर से गुजर रही है, तब देशवासियों पर भरोसा जताकर ही मौजूदा आर्थिक चुनौतियों को मात दी जा सकती है।
मतलब साफ है—अपने तो अपने होते हैं।
