आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चार लोग झुलसे, अस्पताल में भर्ती
विकास क्षेत्र के रामशाला और खोजापुर गांव में मंगलवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चार लोग झुलसकर घायल हो गए। घटना के बाद गांवों में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।
शहाबगंज चंदौली

6:34 PM, Aug 11, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज। विकास क्षेत्र के रामशाला और खोजापुर गांव में मंगलवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चार लोग झुलसकर घायल हो गए। घटना के बाद गांवों में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार रामशाला गांव निवासी भृगुनाथ विश्वकर्मा पुत्र दुख्खी (58) और लीलावती पत्नी श्यामप्रकाश (28) आकाशीय बिजली की चपेट में आकर झुलस गए। वहीं, खोजापुर गांव निवासी सोनी देवी पत्नी कमलेश (38) और छाया पत्नी विकास (29) भी बिजली गिरने से घायल हो गईं।
Advertisement
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी का उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद दोनों गांवों में दहशत का माहौल है।
क्षेत्रीय लेखपाल धनंजय जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
