शहाबगंज में बंद पड़ा कुआं बना मौत का कुआं, जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन की मौत, एक गंभीर
शहाबगंज। थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में शनिवार को कुएं से खराब समरसेबल निकालने उतरे चार लोग जहरीली गैस की चपेट में आ गए। हादसे में जमाल, तौकीर आलम और वारिस अली की मौत होने की सूचना है, जबकि समशेर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज चल रहा है।
शहाबगंज, चंदौली

2:53 PM, Aug 22, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्स
शहाबगंज। थाना क्षेत्र के किडीहिरा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में बंद पड़े कुएं में समरसेबल निकालने उतरे चार लोग जहरीली गैस की चपेट में आ गए। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज चंदौली में चल रहा है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार किड़हिरा गांव में कमरुद्दीन के मकान के पास काफी समय से बंद पड़े कुएं में समरसेबल लगा हुआ था। शनिवार को खराब समरसेबल को निकालने के लिए परिवार के लोग कुएं में उतरे। कुएं के अंदर जहरीली गैस होने के कारण चारों लोग उसकी चपेट में आकर बेहोश हो गए। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी को कुएं से बाहर निकाला गया। हादसे में आखिर जमा (28) पुत्र कमरुद्दीन, वारिस अली (18) पुत्र नसरुद्दीन और तौकिर (17) पुत्र नसरुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं समशेर की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंदौली में भर्ती कराया गया है।
Advertisement
तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ चकिया और डीपीआरओ ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने बंद पड़े कुएं में जहरीली गैस की मौजूदगी की आशंका जताई है। हादसे ने एक बार फिर लंबे समय से बंद पड़े कुओं में बिना सुरक्षा इंतजाम के उतरने के खतरे को उजागर कर दिया है।
