एसएस हॉस्पिटल के पास फायरिंग कर चेन लूटने वाले चार गिरफ्तार
अलीनगर। एसएस हॉस्पिटल आलमपुर के पास कार रोककर फायरिंग करते हुए सोने की चेन लूटने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, 4,420 रुपये नकद, तीन तमंचे, छह कारतूस, दो बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
अलीनगर, चंदौली

4:41 PM, Aug 28, 2026
अलीनगर। एसएस हॉस्पिटल आलमपुर के पास कार रोककर फायरिंग करते हुए सोने की चेन लूटने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, 4,420 रुपये नकद, तीन तमंचे, छह कारतूस, दो बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे गल्लामंडी ईस्टर्न बाजार निवासी सूर्यान्श जायसवाल अपने मित्र प्रशान्त यादव और मोहित चौहान के साथ कार से एसएस हॉस्पिटल आलमपुर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान टीवीएस रोनिन बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी कार के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया। आरोप है कि बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग की और सूर्यान्श के गले से सोने की चेन छीनकर चंदौली की ओर भाग गए।
घटना के संबंध में अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रानिक और अन्य भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी।
तारापुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली कि घटना में शामिल बदमाश दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में सकलडीहा की ओर से रिंग रोड की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम ने तारापुर/आलमपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान टीवीएस रोनिन बाइक पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे, लेकिन सड़क गीली होने के कारण बाइक फिसल गई। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। बाइक से गिरने के कारण दोनों को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार कराया गया।
पूछताछ में उनकी पहचान राजकुमार दुबे निवासी जमुआवं, थाना करंडा, गाजीपुर और अमन गिरी निवासी बभनियाव, थाना धीना, चंदौली के रूप में हुई।
राजकुमार के पास से लूटी गई पीली धातु की चेन, 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस, दो मोबाइल और तीन हजार रुपये तथा घटना में प्रयुक्त टीवीएस रोनिन बाइक बरामद हुई। अमन के पास से तमंचा, दो कारतूस, मोबाइल और 500 रुपये मिले।
रेकी और बैकअप देने वाले दो साथी भी पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उनके दो अन्य साथी बाइक से रेकी और बैकअप के लिए आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने दूसरी बाइक पर सवार दो संदिग्धों को भी घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
इनकी पहचान कमलेश मिश्रा उर्फ पंकज मिश्रा निवासी अमाधपुर (तीनमोकरम), थाना धानापुर और विनोद सिंह निवासी बभनियाव, थाना धीना के रूप में हुई। कमलेश के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस और 420 रुपये तथा विनोद के पास से एक कारतूस और 500 रुपये बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे सैयदराजा से राजातालाब तक हाईवे पर घूमते थे और मौका मिलने पर असलहे के बल पर लूट की वारदात करते थे। पुलिस का दावा है कि घटना के बाद बाइक कमलेश के गांव वाले घर पर खड़ी की जाती थी, जबकि विनोद के ठिकाने पर आपराधिक घटनाओं में इस्तेमाल असलहे छिपाए जाते थे।
पीड़ित ने चेन और आरोपियों की पहचान की
Advertisement
पुलिस ने बताया कि मुकदमे के वादी सूर्यान्श जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर राजकुमार दुबे और अमन गिरी की पहचान की। उन्होंने बरामद सोने की चेन की भी शत-प्रतिशत पहचान की।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर बीएनएस की अन्य धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई हैं। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
विनोद पर हत्या समेत कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में विनोद सिंह के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। कमलेश मिश्रा और अमन गिरी के खिलाफ भी पूर्व में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह सामान हुआ बरामद
लूटी गई एक पीली धातु की चेन
4,420 रुपये नकद
तीन तमंचे 315 बोर
छह जिंदा कारतूस
टीवीएस रोनिन बाइक संख्या UP61BL9666
बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर
तीन मोबाइल फोन
कार्रवाई में अलीनगर पुलिस टीम के साथ स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव और उनकी टीम शामिल रही।
