धानापुर में 2.76 करोड़ की संपर्क मार्ग परियोजना का शिलान्यास, विधायक सुशील सिंह ने गिनाईं विकास योजना
करीब 2 करोड़ 76 लाख 59 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के तहत 2 किलोमीटर सीसी रोड, 1 किलोमीटर पिच रोड तथा 2 किलोमीटर नाली निर्माण का कार्य कराया जाएगा। परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी तथा जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलेगी।
धानापुर, चंदौली

6:06 AM, Jun 1, 2026
धानापुर। क्षेत्र के विकास को नई गति देने की दिशा में रविवार को धानापुर ब्लॉक क्षेत्र से मिश्रान टोला होते हुए रायपुर तक प्रस्तावित 3 किलोमीटर लंबी संपर्क मार्ग परियोजना का शिलान्यास किया गया। शिलान्यास कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक एवं ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने संयुक्त रूप से परियोजना का शुभारंभ किया।
करीब 2 करोड़ 76 लाख 59 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के तहत 2 किलोमीटर सीसी रोड, 1 किलोमीटर पिच रोड तथा 2 किलोमीटर नाली निर्माण का कार्य कराया जाएगा। परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी तथा जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, नाली और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह संपर्क मार्ग क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएगा।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र को जल्द ही दो और महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिलने वाली है। चौंचकपुर पक्का पुल एवं 220 एमवी विद्युत उपकेंद्र माधोपुर का शिलान्यास प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति, आवागमन तथा औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
Advertisement
ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने कहा कि धानापुर क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। सड़क एवं नाली निर्माण से विशेष रूप से बरसात के दौरान ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के लिए प्रदेश सरकार एवं विधायक सुशील सिंह का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री सुजीत जायसवाल, रमेश द्विवेदी, कमलाकांत मिश्र, गोपाल बिंद, मुकुंद रस्तोगी, शशि रस्तोगी, रिंकू सिंह, प्रधान मिंटू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कमलाकांत मिश्र तथा संचालन गोपाल बिंद ने किया। शिलान्यास अवसर पर क्षेत्रवासियों ने जनप्रतिनिधियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और विकास कार्यों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
