झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन, राज्य में शोक की लहर
शिबू सोरेन लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। करीब डेढ़ महीने पहले उन्हें स्ट्रोक आया था, जिसके बाद से वे जीवन रक्षक प्रणाली (लाइफ सपोर्ट सिस्टम) पर थे।
रांची

2:18 PM, August 4, 2025
रांची/नई दिल्ली । झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संरक्षक शिबू सोरेन का सोमवार सुबह निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में अंतिम सांस ली। अस्पताल प्रशासन ने सुबह 8:56 बजे उन्हें मृत घोषित किया।
शिबू सोरेन के निधन की पुष्टि उनके बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा,
> “आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं...”
शिबू सोरेन लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। करीब डेढ़ महीने पहले उन्हें स्ट्रोक आया था, जिसके बाद से वे जीवन रक्षक प्रणाली (लाइफ सपोर्ट सिस्टम) पर थे।
---
राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
सरकार की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर सोमवार शाम 6 बजे झारखंड लाया जाएगा। सबसे पहले उनका पार्थिव शरीर रांची स्थित मोरहाबादी आवास पर ले जाया जाएगा, जहां उनके शुभचिंतक और समर्थक अंतिम दर्शन कर सकेंगे।
मंगलवार सुबह पार्थिव शरीर को झामुमो के पार्टी कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद उन्हें झारखंड विधानसभा ले जाया जाएगा, जहां जनप्रतिनिधि और अधिकारी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
अंतिम संस्कार मंगलवार दोपहर 3 बजे उनके पैतृक गांव नेमरा (जिला रामगढ़) में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
Advertisement
---
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक
शिबू सोरेन के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, विपक्षी दलों के नेताओं, और सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक जताया है। उन्हें एक जनजातीय नेता, आंदोलनकारी और जननायक के रूप में याद किया गया।
---
शिबू सोरेन: एक परिचय
शिबू सोरेन झारखंड के तीन बार मुख्यमंत्री रहे।
वे झामुमो के संस्थापक सदस्य और आदिवासी अधिकारों के मजबूत पैरोकार थे।
उन्हें ‘दिशोम गुरु’ के नाम से भी जाना जाता है।
उनकी मृत्यु से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश ने एक मजबूत जननेता को खो दिया है।