दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, विनायक स्वीट हाउस का लाइसेंस निलंबित
चंदौली, 31 अक्टूबर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को चहनिया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में विभागीय टीमों ने मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कैलाशपुरी स्थित विनायक स्वीट हाउस में अत्यधिक गंदगी मिलने पर प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया, जबक
चन्दौली

5:27 PM, Oct 31, 2026
चहनिया में आर्य स्वीट हाउस से बर्फी और चाट के नमूने लिए गए, मिठाई दुकानों को साफ-सफाई रखने की हिदायत
चंदौली, 31 अक्टूबर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को चहनिया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में विभागीय टीमों ने मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कैलाशपुरी स्थित विनायक स्वीट हाउस में अत्यधिक गंदगी मिलने पर प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया, जबकि चहनिया के आर्य स्वीट हाउस से बर्फी और चाट के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने चहनिया स्थित आर्य स्वीट हाउस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकान से बर्फी और चाट के नमूने एकत्र किए गए। इन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। टीम ने मिठाई बनाने वाले स्थान का भी निरीक्षण किया और संचालक को साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
विनायक स्वीट हाउस में मिली गंदगी, लाइसेंस निलंबित
वहीं, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के कैलाशपुरी स्थित विनायक स्वीट हाउस की निर्माण इकाई का राज्य सचल दल की अंतर्जनपदीय टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई। इसके बाद सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह ने विनायक स्वीट हाउस का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
Advertisement
अभियान के दौरान कस्बे की अन्य खाद्य दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। जहां कमियां मिलीं, वहां संबंधित कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी किए गए।
मिलावटखोरों पर होगी सख्त कार्रवाई
सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दीपावली के दौरान आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव और अरविंद कुमार सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
