धानापुर में पाउडर से तैयार हो रहे खोया पर खाद्य विभाग की छापेमारी, 50 किलो खोया नष्ट
धानापुर। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं जिलाधिकारी चंदौली के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को धानापुर कस्बे के पास अतौली गांव में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी कर पाउडर से तैयार किए जा रहे खोया का नमूना जांच के लिए संकलित किया।
चंदौली

9:02 PM, Aug 25, 2026

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। मौके से करीब 50 किलोग्राम खोया बरामद किया गया, जिसे अधिकारियों ने मौके पर ही विनष्ट करा दिया। नष्ट किए गए खोया की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बरामद खोया का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार जनपद में नकली एवं मिलावटी खोया के निर्माण और बिक्री से संबंधित सूचनाएं भी जुटाई जा रही हैं। अधोमानक एवं मिलावटी मिठाइयों की बिक्री पर भी विभाग की नजर है।
Advertisement
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि त्योहार के दौरान नकली चांदी वर्क लगी तथा अत्यधिक रंगीन मिठाइयों की खरीद से बचें। यदि किसी स्थान पर नकली या मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो विभाग के मोबाइल नंबर 8887890254 पर सूचना दें।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव और अरविंद कुमार भी मौजूद रहे।