पकड़ी महुअरियां गांव के मुख्य मार्ग पर घुसा बाढ़ का पानी, आवागमन प्रभावित
चहनिया। पकड़ी महुअरियां गांव में बाढ़ का पानी मुख्य मार्ग पर पहुंच जाने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव को जोड़ने वाला एकमात्र मुख्य मार्ग पहले से ही जर्जर और बदहाल है। अब बाढ़ का पानी भर जाने से ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
चंदौली

गांव में बाढ़ के पानी से होकर आवागमन करते ग्रामीण।
6:15 PM, Sep 2, 2026
सुधींद्र पाण्डेय
जनपद न्यूज़ टाइम्सचहनिया। पकड़ी महुअरियां गांव में बाढ़ का पानी मुख्य मार्ग पर पहुंच जाने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव को जोड़ने वाला एकमात्र मुख्य मार्ग पहले से ही जर्जर और बदहाल है। अब बाढ़ का पानी भर जाने से ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
पकड़ी महुअरियां ग्राम सभा के दोनों गांवों के बीच एक नाला है। क्षेत्र के कई गांवों का बरसाती पानी इसी नाले के रास्ते गंगा नदी में पहुंचता है। ग्रामीणों के अनुसार, गंगा में बाढ़ आने पर नाले का पानी ओवरफ्लो होकर मुख्य मार्ग पर भर जाता है। इससे पकड़ी गांव को जाने वाला मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो जाता है और गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से कट जाता है।
ग्रामीणों के आवागमन के लिए प्रशासन की ओर से नाव की व्यवस्था की जाती है, लेकिन इससे रोजमर्रा की परेशानियां कम नहीं हो पा रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नाले में पानी भरने के बाद महज 100 मीटर की दूरी तय करने के लिए करीब पांच किलोमीटर घूमकर कांवर-पक्खोपुर की ओर से आवागमन करना पड़ता है।
Advertisement
ग्रामीण रामदयाल निषाद, मंटू यादव, संजय निषाद आदि ने बताया कि बाढ़ के दौरान बच्चों का विद्यालय जाना बंद हो जाता है। वहीं, किसी के बीमार पड़ने पर उसे खटिया के सहारे अस्पताल तक ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार समस्या से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के साथ क्षेत्रीय सांसद और विधायक से टूटे हुए पुल का पुनर्निर्माण कराने तथा मुख्य मार्ग को ऊंचा कराए जाने की मांग की है, ताकि बाढ़ के समय गांव का संपर्क न टूटे और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
