चंदौली में बाढ़ का कहर: पुलिस चौकी डूबी, संपर्क मार्ग जलमग्न, फसलें बर्बाद
सैयदराजा विधायक सुशील ने बाढ़ प्रभावित गांव का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। बाढ़ से क्षेत्र की स्थिति अब खराब होती जा रही है।
चंदौली

नरौली में लोगों की समस्या को सुनते विधायक सुशील सिंह
2:45 PM, August 3, 2025
चंदौली। धानापुर गंगा के बढ़ते जलस्तर ने चंदौली जनपद के धानापुर क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। बाढ़ के कारण जहां नगवा पुलिस चौकी जलमग्न हो गई है, वहीं दर्जनों गांवों में फसलें डूबकर बर्बाद हो चुकी हैं। ग्रामीणों के लिए आवागमन और पशुपालन दोनों बड़ी चुनौती बन गए हैं।

बाढ़ के पानी में डूबी फसल
नगवा पुलिस चौकी डूबी, प्रशासन सतर्क
नगवा-चोचकपुर गंगा घाट के पास स्थित पुलिस चौकी पूरी तरह बाढ़ के पानी में डूब गई है। गंगा के जलस्तर में निरंतर वृद्धि अब प्रशासनिक ढांचे पर भी असर डाल रही है।

पानी में डूबा नगवा पुलिस चौकी
बुद्धपुर के पास संपर्क मार्ग जलमग्न, आवागमन बाधित
रायपुर से प्रसहटा दिया जाने वाला संपर्क मार्ग बाढ़ के पानी में डूब चुका है। सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे लोगों को वैकल्पिक मार्गों से सफर करना पड़ रहा है।
किसानों को भारी नुकसान, फसलें डूबीं
Advertisement
गंगा किनारे बसे गांवों में किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। नरौली, नौघरा, बुद्धपुर, डमहारी, रायपुर, प्रसहटा, बड़ौरा, मेढ़वा, नगवा, प्रहलादपुर, कोहड़ा, सकरारी, कवलपुरा सहित दर्जनों गांवों के खेत जलमग्न हो चुके हैं। धान, बाजरा, अरहर और मूंग की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं।
पशुपालकों की बढ़ी मुश्किलें, चारा भी डूबा
गंगा के कनारे सीवान में चरने वाले मवेशियों के लिए चारे की समस्या गहरा गई है। बाढ़ के पानी में चारा डूबने से पशुपालकों के सामने जानवरों के भरण-पोषण की चुनौती खड़ी हो गई है।
विधायक सुशील सिंह ने किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा
धानापुर। क्षेत्रीय विधायक सुशील सिंह ने रविवार को नगवा, नरौली, मेढ़वा समेत कई बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर व अन्य अधिकारियों के साथ हालात की समीक्षा की। विधायक ने निर्देश दिया कि नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए। प्राथमिक विद्यालयों में बनाए गए बाढ़ राहत चौकियों की भी उन्होंने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

गंगा के बढ़ते जलस्तर से धानापुर क्षेत्र के ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रशासन अलर्ट मोड पर है, लेकिन जरूरत है कि राहत और बचाव कार्यों को और तेज किया जाए ताकि जन-धन की हानि को रोका जा सके।