राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में पूर्व माध्यमिक विद्यालय यूपीएस तोरवा का परचम
धानापुर।ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर बड़ी उपलब्धियाँ हासिल करने का जज्बा क्या होता है, यह पूर्व माध्यमिक विद्यालय यूपीएस तोरवा के विद्यार्थियों ने साबित कर दिखाया है। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत आयोजित जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता में विद्यालय के तीन मेधावी विद्यार्थियों ने जिले के टॉप–5 में स्थान बनाकर इतिहास रच दिया और पूरे जनपद का नाम गौरवान्वित कर दिया।
चंदौली

11:23 AM, Feb 13, 2026
धानापुर। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर बड़ी उपलब्धियाँ हासिल करने का जज्बा क्या होता है, यह पूर्व माध्यमिक विद्यालय यूपीएस तोरवा के विद्यार्थियों ने साबित कर दिखाया है। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत आयोजित जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता में विद्यालय के तीन मेधावी विद्यार्थियों ने जिले के टॉप–5 में स्थान बनाकर इतिहास रच दिया और पूरे जनपद का नाम गौरवान्वित कर दिया।
जनपद भर से आए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में आदित्य गुप्ता ने द्वितीय स्थान, साक्षी ने तृतीय स्थान तथा रितिका मौर्या ने पंचम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इन विद्यार्थियों की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया कि लगन, परिश्रम और सही मार्गदर्शन से किसी भी मंच पर उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है।इस उपलब्धि पर बेसिक शिक्षा अधिकारी, चंदौली द्वारा विजेता विद्यार्थियों को टैबलेट, बैग एवं स्टेशनरी प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान अधिकारियों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, वैज्ञानिक सोच और नवाचार क्षमता की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विशेष उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जनपद स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को हवाई जहाज से बंगलौर साइंस सिटी, श्रीहरिकोटा एवं अहमदाबाद शैक्षिक भ्रमण पर भेजे जाने का प्रावधान है। यह अवसर विद्यार्थियों के लिए न केवल सम्मान का विषय है, बल्कि विज्ञान और अनुसंधान की दुनिया को नजदीक से देखने का सुनहरा मौका भी है।विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को अपने शैक्षिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है और हर कोई इन होनहार विद्यार्थियों पर गर्व महसूस कर रहा है।
Advertisement
