जमीन विवाद में मारपीट के मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, दो लाठी और तीन मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार, ग्राम बैरी खुर्द में 27 मई 2026 को जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। आरोप है कि अभियुक्तों ने लाठी-डंडों से हमला कर वादी, उसके पिता, मां और भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस संबंध में थाना धीना में मुकदमा संख्या 41/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
चंदौली

6:17 PM, May 30, 2026
चंदौली। थाना धीना पुलिस ने जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में वांछित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठी-डंडे तथा तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बैरी खुर्द में 27 मई 2026 को जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। आरोप है कि अभियुक्तों ने लाठी-डंडों से हमला कर वादी, उसके पिता, मां और भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस संबंध में थाना धीना में मुकदमा संख्या 41/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना धीना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारकण्डेय बिन्द (56 वर्ष), हरिलाल (41 वर्ष), किशन (22 वर्ष), रिंकू (26 वर्ष) निवासी बैरी खुर्द तथा चन्द्रजीत बिन्द (23 वर्ष) निवासी भेडुआ, थाना नन्दगंज, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके और उनके पट्टीदारों के बीच लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा है। लेखपाल द्वारा पैमाइश किए जाने के बावजूद घर की जमीन को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके चलते मारपीट की घटना हुई।
Advertisement
गिरफ्तार आरोपी रिंकू की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो लाठी-डंडे बरामद किए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक खेदूराम भारती, उपनिरीक्षक प्रेमनारायण सिंह, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार अत्री, कांस्टेबल अमित सिंह, आरक्षी विश्वजीत तथा आरक्षी पंकज यादव शामिल रहे।