चंदौली में किसान कांग्रेस की पहली बैठक संपन्न, गांव-गांव संगठन विस्तार का लिया संकल्प
चंदौली। जिला किसान कांग्रेस कमेटी चंदौली की प्रथम बैठक एवं नवनियुक्त पदाधिकारियों का पदभार ग्रहण समारोह शनिवार को जिला कार्यालय चंद्रा त्रिपाठी भवन में आयोजित किया गया। जिला अध्यक्ष श्रीकांत पाठक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किसान कांग्रेस उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राम अधार जोसेफ रहे। अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की।
चंदौली

5:02 PM, Nov 28, 2026
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संभाला पदभार, किसानों की समस्याओं को लेकर प्रत्येक ब्लॉक में लगेगी किसान चौपाल
चंदौली। जिला किसान कांग्रेस कमेटी चंदौली की प्रथम बैठक एवं नवनियुक्त पदाधिकारियों का पदभार ग्रहण समारोह शनिवार को जिला कार्यालय चंद्रा त्रिपाठी भवन में आयोजित किया गया। जिला अध्यक्ष श्रीकांत पाठक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किसान कांग्रेस उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राम अधार जोसेफ रहे। अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. राम अधार जोसेफ ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन में पद मिलना महत्वपूर्ण नहीं, बल्कि उसकी जिम्मेदारी ईमानदारी और निष्ठा से निभाना जरूरी है। किसान कांग्रेस की पहचान किसानों के सुख-दुख में साथ खड़े होने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने से बनेगी।
उन्होंने कहा कि चंदौली को धान का कटोरा कहा जाता है, लेकिन यहां के किसान खाद, बीज, सिंचाई, बिजली, धान खरीद, फसल का उचित मूल्य और छुट्टा पशुओं जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। नौगढ़ सहित पहाड़ी एवं वनवर्ती क्षेत्रों के किसानों की समस्याओं को भी प्राथमिकता से उठाया जाएगा। उन्होंने पदाधिकारियों से गांव-गांव संगठन का विस्तार करने, प्रत्येक ब्लॉक में नियमित बैठक और किसान चौपाल आयोजित करने का आह्वान किया। किसानों की समस्याओं को लिखित रूप में संकलित कर अधिकारियों से समाधान कराने पर भी जोर दिया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि किसानों की समस्याएं कांग्रेस की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। धान खरीद केंद्रों पर अव्यवस्था, खाद-बीज की उपलब्धता, नहरों में पानी, बिजली आपूर्ति, फसल बीमा और सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाना प्रमुख मुद्दे हैं। जिला कांग्रेस और किसान कांग्रेस के समन्वय से इन समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
Advertisement
किसान कांग्रेस दिल्ली के प्रभारी शशिनाथ उपाध्याय ने किसानों के अधिकार, सम्मान और न्याय की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी प्रदीप मिश्रा ने कहा कि संगठन की असली ताकत सक्रिय कार्यकर्ताओं और गांवों तक उसकी पहुंच से तय होती है। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर किसान कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने और संगठनात्मक कार्यों की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया।
इस दौरान नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों एवं ब्लॉक अध्यक्षों ने संगठन को मजबूत बनाने और किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकांत पाठक ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन जिला उपाध्यक्ष गौरव मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव विनोद सिंह, प्रदेश सचिव मुकेश गौतम, चंद्रकला, श्याम सुंदर दुबे, यशवंत मौर्य, फूलचंद्र मौर्य, योगेंद्र यादव, सुदामा तिवारी, नरेंद्र प्रताप सिंह, अभिषेक पांडेय, प्रदीप यादव, धीरेंद्र प्रताप सिंह, सौरभ पांडेय, जितेंद्र प्रताप सिंह, विनय तिवारी, संजय मिश्रा, संजय यादव, अवधेश बियार, कार्तिकेय तिवारी, आफताब आलम, लल्लन मौर्य सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
