“पति की मौत का डर दिखाकर ओझा ने उड़ाया सोने का लॉकेट और मंगलसूत्र
धानापुर। नरौली गांव में गुरुवार को दो कथित ओझाओं ने एक विवाहिता को उसके पति की मौत का भय दिखाकर कथित तौर पर सोने का लॉकेट और मंगलसूत्र ले लिया। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
चंदौली

6:04 PM, Sep 10, 2026
‘पति खून की उल्टी कर मर जाएगा’ का डर दिखाकर ओझाओं ने ठगा सोने का लॉकेट
धानापुर। नरौली गांव में गुरुवार को दो कथित ओझाओं ने एक विवाहिता को उसके पति की मौत का भय दिखाकर कथित तौर पर सोने का लॉकेट और मंगलसूत्र ले लिया। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया गया कि सोनम पुत्री रविंद्र यादव गुरुवार को अपने मायके में घर के बाहर अकेली बैठी थी। इसी दौरान दो कथित ओझा वहां पहुंचे और बातचीत के दौरान उसे अपनी बातों में उलझा लिया। आरोप है कि दोनों ने विवाहिता से कहा कि उसके पति का ग्रह ठीक नहीं है और उसे जल्द ही खून की उल्टी होगी, जिससे उसकी मौत हो सकती है।
आरोप है कि पति को बचाने के नाम पर दोनों ने पहले साड़ी और रुपये मांगे। इसके बाद ताबीज बनाने के लिए अन्य सामग्री मांगते हुए विवाहिता से मंगलसूत्र और सोने का लॉकेट भी ले लिया। बदले में एक कागज में नगीने की अंगूठी और ताबीज रखकर दिया गया। साथ ही कथित ओझाओं ने विवाहिता से कहा कि इसे शाम पांच बजे से पहले नहीं खोलना, वरना उसके पति को खून की उल्टी होने लगेगी।
Advertisement
इसके बाद दोनों कथित ओझा वहां से चले गए। कुछ देर बाद जब विवाहिता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी तो उन्होंने दोनों की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक वे मौके से फरार हो चुके थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दोनों आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। इस संबंध में निरीक्षक एसएस आदर्श ने बताया कि अभी तक लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, पुलिस को मिली सूचना के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
