बिजली कटौती और लो वोल्टेज के विरोध में किसानों का विद्युत उपकेंद्र पर धरना
धरने को संबोधित करते हुए किसान विकास मंच के प्रवक्ता जय नाथ सिंह ने कहा कि उपकेंद्र को आपूर्ति देने वाली लाइन चकिया के जंगलों और खेतों से होकर गुजरती है। तेज आंधी और बारिश के दौरान पेड़ों की वजह से बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो जाती है। उन्होंने मांग की कि बिजली लाइन का रूट बदलकर सड़क मार्ग से किया जाए, ताकि निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी चंदौल
शहाबगंज, चंदौली

7:05 PM, Jul 18, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज (चंदौली): किसान विकास मंच के बैनर तले किसानों ने शनिवार को इलिया विद्युत उपकेंद्र पर एक दिवसीय धरना देकर बिजली कटौती, लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने आरोप लगाया कि लगातार नए बिजली कनेक्शन दिए जा रहे हैं, लेकिन विद्युत उपकेंद्र की क्षमता नहीं बढ़ाई गई है, जिससे उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है।
धरने को संबोधित करते हुए किसान विकास मंच के प्रवक्ता जय नाथ सिंह ने कहा कि उपकेंद्र को आपूर्ति देने वाली लाइन चकिया के जंगलों और खेतों से होकर गुजरती है। तेज आंधी और बारिश के दौरान पेड़ों की वजह से बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो जाती है। उन्होंने मांग की कि बिजली लाइन का रूट बदलकर सड़क मार्ग से किया जाए, ताकि निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी चंदौली, चकिया विधायक तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह को भी ज्ञापन सौंपा जाएगा।
संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि धान की रोपाई के व्यस्त समय में भी किसान अपनी खेती छोड़कर बिजली समस्या के समाधान के लिए धरने में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्या का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब इलिया विद्युत उपकेंद्र पर 10 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए।
Advertisement
धरने के दौरान किसानों ने "किसान एकता जिंदाबाद" और "पावर हाउस की क्षमता बढ़ाओ" जैसे नारे लगाए। बाद में किसानों ने अपनी मांगों का ज्ञापन सहायक अभियंता अजय सिंह और अवर अभियंता विनोद यादव को सौंपा। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों से शासन को अवगत कराते हुए आवश्यक बजट उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेजा जाएगा।
धरने में जयनाथ सिंह, जवाहरलाल यादव, इकलाख अहमद, सुरेश मौर्य, इंद्रदेव यादव, जुल्मी तिवारी, चंद्रशेखर सिंह, मलिक चौबे, अवध नारायण सिंह, यशवंत सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुन्नन पांडेय ने तथा संचालन राम अवध सिंह ने किया।
