बिजली कटौती के खिलाफ किसानों का विद्युत उपकेंद्र इलिया पर धरना
इलिया, चंदौली। विद्युत की अघोषित कटौती से परेशान किसानों ने शनिवार को किसान विकास मंच के बैनर तले विद्युत उपकेंद्र इलिया पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली कटौती के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विभाग और शासन के प्रति नाराजगी जताई।
इलिया, चंदौली

5:09 PM, Sep 12, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सअधिकारी के नहीं पहुंचने पर तालाबंदी की दी चेतावनी, नायब तहसीलदार व जेई के पहुंचने पर शांत हुआ मामला
बिजली कटौती के खिलाफ किसानों का धरना
इलिया, चंदौली। विद्युत की अघोषित कटौती से परेशान किसानों ने शनिवार को किसान विकास मंच के बैनर तले विद्युत उपकेंद्र इलिया पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली कटौती के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विभाग और शासन के प्रति नाराजगी जताई।
धरने के दौरान काफी देर तक किसी अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने से किसान आक्रोशित हो उठे। किसानों ने विद्युत उपकेंद्र पर तालाबंदी करने की चेतावनी दी। इसकी जानकारी होने पर नायब तहसीलदार आरिफ अंसारी और अवर अभियंता घनश्याम मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला शांत हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दौर में एसडीओ विद्युत अमर सिंह पटेल भी धरनास्थल पर पहुंचे।
Advertisement
किसान नेता जयनाथ सिंह और संगठन के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के नाम संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। किसान नेताओं ने कहा कि सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का वादा किया है, लेकिन वर्तमान में मुश्किल से आठ से दस घंटे ही बिजली मिल पा रही है। इससे किसानों को सिंचाई समेत अन्य कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि बिजली कटौती से किसान परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के दावों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि किसान विकास मंच का यह धरना-प्रदर्शन विद्युत विभाग और शासन को ग्रामीण क्षेत्रों की समस्या पर गंभीरता से विचार करने के लिए मजबूर करेगा।
धरने में कार्यकर्ताओं ने 'चाहे जो मजबूरी हो, हमारी मांगें पूरी हों' और 'बिजली कटौती बंद करो' जैसे नारे लगाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुन्नन पांडेय ने तथा संचालन राम अवध सिंह ने किया।
इस अवसर पर सुरेश मौर्य, उमाशंकर दूबे, शिवानंद पांडेय, विजय शंकर सिंह, चंद्र सुधीर सिंह, मालिक चौबे, अखिलेश तिवारी, सर्वेश कुमार सिंह, अनिल पांडेय, अशोक कुमार सिंह, कुलदीप सिंह, राकेश सिंह और इकलाख अहमद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
