खाद की कमी और जलभराव से किसानों की बढ़ी चिंता, किसान सभा ने मुआवजे की मांग उठाई
शहाबगंज (चंदौली)। उत्तर प्रदेश किसान सभा मंडल कमेटी शहाबगंज की बैठक शुक्रवार को सहकारी समिति परिसर में आयोजित की गई। बैठक में किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया खाद उपलब्ध न होने तथा लगातार बारिश के बाद खेतों में जलभराव की समस्या पर चिंता जताई गई।
shahabganj, chandauli

7:43 PM, Aug 28, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज (चंदौली)। उत्तर प्रदेश किसान सभा मंडल कमेटी शहाबगंज की बैठक शुक्रवार को सहकारी समिति परिसर में आयोजित की गई। बैठक में किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया खाद उपलब्ध न होने तथा लगातार बारिश के बाद खेतों में जलभराव की समस्या पर चिंता जताई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला मंत्री लालचंद सिंह एडवोकेट ने कहा कि सरकारी समितियों से किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया खाद नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि खेती के लिए खाद आवश्यक है और सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है, लेकिन पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं होने पर उत्पादन कैसे बढ़ेगा, यह बड़ा सवाल है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार दो-तीन दिनों से हुई बारिश के कारण जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कई गांवों में धान की फसल पानी में डूब गई है। जिगना, हड़ौरा, ओलीपुर, बरांव, खिलची, राजडिहा, केरायगांव, जेगुरी और इमलिया सहित कई गांवों के खेतों में पानी भरा हुआ है। यदि जल्द ही पानी की निकासी नहीं हुई तो करीब एक सप्ताह में धान की फसल बर्बाद होने की आशंका है।
बैठक में बताया गया कि गोविंदपुर गांव निवासी नखडू यादव और हरि यादव के कच्चे मकान बारिश के कारण गिर गए हैं। दोनों गरीब परिवारों के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
Advertisement
किसान सभा ने जिलाधिकारी और चकिया उपजिलाधिकारी से मांग की कि गांवों में लेखपाल भेजकर जलभराव से प्रभावित फसलों और बारिश से गिरे मकानों का सर्वे कराया जाए तथा पात्र किसानों और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में आगामी 30 अगस्त को होने वाली जिला स्तरीय बैठक में किसानों और मजदूरों से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई। साथ ही सितंबर माह को आंदोलन के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर किसानों और मजदूरों की बैठक तथा पंचायत आयोजित करने का फैसला हुआ।
जिला मंत्री लालचंद सिंह एडवोकेट ने सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों और किसान नेताओं को नजरबंद किए जाने की निंदा की। बैठक में स्वामीनाथ, अध्यक्ष नंदलाल राम, उपाध्यक्ष बदरुद्दीन अंसारी, लालजी मास्टर, मुसाफिर राम, सखी चौहान, रामलाल मौर्य, अजय शेखर यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
