नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकामी, तीन उपनिरीक्षकों पर कार्रवाई
चंदौली। जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा लंबित मामलों का खुलासा करने में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सख्त रुख अपनाया है। विभागीय कार्यों में लापरवाही, उदासीनता और अनुशासनहीनता के मामलों में तीन उपनिरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें दो उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है, जबकि एक अन्य के विरुद्ध जांच की संस्तुति की गई है।
chandauli

9:40 PM, Oct 31, 2026
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल का सख्त रुख, दो उपनिरीक्षक निलंबित और एक के खिलाफ जांच की संस्तुति
चंदौली। जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा लंबित मामलों का खुलासा करने में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सख्त रुख अपनाया है। विभागीय कार्यों में लापरवाही, उदासीनता और अनुशासनहीनता के मामलों में तीन उपनिरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें दो उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है, जबकि एक अन्य के विरुद्ध जांच की संस्तुति की गई है।
पुलिस विभाग की ओर से 31 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाना सकलडीहा में तैनात उपनिरीक्षक दिनेश राम के खिलाफ दो मुकदमों की विवेचना में लापरवाही बरतने का मामला सामने आया। आरोप है कि मुकदमा अपराध संख्या 87/2025 और 113/2025 में घटना का खुलासा किए बिना तथा चोरी गए सामान और आरोपियों की बरामदगी के बगैर अंतिम रिपोर्ट भेज दी गई। क्षेत्राधिकारी सकलडीहा की ओर से कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद प्रभावी प्रयास नहीं किए जाने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया।
इसी क्रम में मुगलसराय थाने में तैनात उपनिरीक्षक रामकेर यादव पर अपने बीट क्षेत्र में अपराधों पर नियंत्रण रखने, चोरी और नकबजनी के मामलों की विवेचना तथा माल बरामदगी में रुचि नहीं लेने और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने का आरोप है। क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर की रिपोर्ट के आधार पर उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
Advertisement
वहीं, चंदौली थाने के हल्का/बीट संख्या एक में तैनात उपनिरीक्षक केशव प्रसाद सिंह के क्षेत्र में नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगने के मामले में क्षेत्राधिकारी सदर की आख्या के आधार पर विभागीय कार्रवाई की गई है। पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में उनके निलंबन का भी उल्लेख है।
लापरवाही पर नहीं मिलेगी छूट
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही, ढिलाई और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के खुलासे में अपेक्षित कार्य नहीं करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
