खोए मोबाइल वापस पाकर खिले चेहरे, चंदौली पुलिस ने 101 मोबाइल किए बरामद
चंदौली। मोबाइल फोन खोने के बाद उन्हें वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे मंगलवार को उस समय खिल उठे, जब चंदौली पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से बरामद किए गए 101 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई गई है।
चंदौली

4:00 PM, Sep 8, 2026
चंदौली। मोबाइल फोन खोने के बाद उन्हें वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे मंगलवार को उस समय खिल उठे, जब चंदौली पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से बरामद किए गए 101 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में गुम और खोए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। पुलिस ने CEIR पोर्टल से मिली तकनीकी जानकारी के आधार पर लगातार प्रयास करते हुए अलग-अलग स्थानों से 101 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।
मंगलवार को पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में आयोजित शिविर में अपर पुलिस अधीक्षक सदर ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। मोबाइल स्वामियों ने चंदौली पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
सकलडीहा से सबसे अधिक 19 मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार बरामद 101 मोबाइलों में सकलडीहा थाना क्षेत्र से 19, मुगलसराय से 16, चंदौली से 13, बबुरी और धानापुर से नौ-नौ, चकिया और शहाबगंज से छह-छह, सैयदराजा से छह, जबकि चकरघट्टा, धीना, इलिया, कंदवा और नौगढ़ से तीन-तीन तथा बलुआ से दो मोबाइल बरामद किए गए।
Advertisement
2026 में अब तक 519 मोबाइल बरामद
चंदौली पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक गुम और खोए हुए 519 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.52 करोड़ रुपये है।
इससे पहले 3 मार्च को 75, 20 अप्रैल को 121, 3 जून को 111 और 28 जुलाई को 111 मोबाइल बरामद किए गए थे। अब 8 सितंबर को 101 मोबाइल बरामद होने के बाद यह संख्या 519 पहुंच गई है।
मोबाइल खोने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर घबराएं नहीं। तत्काल CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल खोने की शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा संबंधित थाने, सीएससी केंद्र अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस की मदद ली जा सकती है। पुलिस ने मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखने की भी अपील की है, ताकि मोबाइल खोने की स्थिति में उसकी तलाश में मदद मिल सके।
