शिकायत के बाद भी नहीं जागे जिम्मेदार, घरों में घुसा सीवर का गंदा पानी; ग्रामीणों ने खुद संभाली सफाई
धानापुर। ग्रामसभा धानापुर के कुसुम्ही गांव में जिम्मेदार अधिकारियों की कथित लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। मुख्य सीवर जाम होने से गंदा पानी गलियों और घरों में घुस गया है। जलभराव और दुर्गंध से परेशान ग्रामीण मंगलवार सुबह खुद फरसा और फावड़ा लेकर सीवर की सफाई करने उतर गए। इस दौरान जिम्मेदार विभाग के प्रति ग्रामीणों में खासा आक्रोश नजर आया।
चंदौली

9:08 AM, Sep 1, 2026

ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बरसात में सीवर जाम होने की समस्या सामने आती है, इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं कराया गया। सीवर के ढक्कन भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हैं। ग्रामीणों के अनुसार, बरसात शुरू होने से पहले ही समस्या की शिकायत जिम्मेदार अधिकारियों से की गई थी, लेकिन शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
लगातार बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। मुख्य सीवर और नालियां ओवरफ्लो होने से गंदा पानी घरों के आसपास जमा हो गया और कई घरों में भी घुसने लगा। इससे लोगों को आवागमन के साथ ही दैनिक कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Advertisement
ग्रामीण राजेश शर्मा, आफताब, विकेश बिंद, शुभम शर्मा, वीर बहादुर बिंद, असगर अली, शब्बीर नाऊ, शमशेर अली और अफजल अली ने नाराजगी जताते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होना अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। गंदा पानी जमा रहने से गांव में डायरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने कहा कि जब जिम्मेदार विभाग समय रहते सीवर की सफाई नहीं करा सका तो उन्हें मजबूरी में खुद सफाई का बीड़ा उठाना पड़ा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तत्काल सीवर की सफाई, क्षतिग्रस्त ढक्कनों की मरम्मत और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।