बुकिंग के बाद भी सिलेंडर के लिए रात से लग रही लाइन, डिलीवरी का मैसेज आने पर भी गैस न मिलने का आरोप
कमालपुर, चंदौली। स्थानीय कस्बे की इंडेन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलेंडर नहीं मिलने का आरोप लग रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि सिलेंडर की बुकिंग कराने के बाद भी कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोग आधी रात से ही एजेंसी के बाहर लाइन लगाने को मजबूर हैं और कई बार बिना सिलेंडर मिले ही वापस लौटना पड़ रहा है।
चंदौली

3:40 PM, Sep 4, 2026
ज़लील अंसारी
जनपद न्यूज़ टाइम्सकमालपुर, चंदौली। स्थानीय कस्बे की इंडेन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलेंडर नहीं मिलने का आरोप लग रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि सिलेंडर की बुकिंग कराने के बाद भी कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोग आधी रात से ही एजेंसी के बाहर लाइन लगाने को मजबूर हैं और कई बार बिना सिलेंडर मिले ही वापस लौटना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि एक ओर उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा, वहीं दूसरी ओर उनके मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवर होने का मैसेज पहुंच रहा है। इसके साथ ही सब्सिडी की राशि भी खाते में पहुंच जा रही है। उपभोक्ताओं ने इसे लेकर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
ग्रामीण मृत्युंजय पाठक, उर्मिला देवी, अनिल शर्मा आदि का कहना है कि अन्य गैस एजेंसियों, जैसे धानापुर और अमड़ा, द्वारा अपेक्षाकृत सुचारू रूप से होम डिलीवरी की जा रही है, जबकि कमालपुर एजेंसी पर उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Advertisement
उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर गैस सिलेंडर ऊंचे दामों पर बेच दिए जाते हैं और कुछ प्रभावशाली लोगों को आसानी से सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए एजेंसी की व्यवस्था की जांच कराने, आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा उपभोक्ताओं को नियमित और सुचारू रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है।
