खेलो इंडिया संवाद में युवाओं को खेलों से जोड़ने पर दिया जोर
धानापुर। शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धानापुर, चंदौली में गुरुवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में देशभर के केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री एवं मंत्री, उत्कृष्ट खिलाड़ी, एथलीट, वालंटियर तथा विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से जुड़े खिलाड़ियों ने सहभागिता की।
chandauli

3:20 PM, Aug 27, 2026

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि दो दिन बाद 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने देशवासियों को खेल दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में देश के युवाओं और खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेलों में भारत की पदक संख्या बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक खेल विधाओं में प्रतिभाग करना आवश्यक है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ओलंपिक में अनेक खेल शामिल हैं, लेकिन भारत अभी सभी खेलों में पर्याप्त भागीदारी नहीं कर रहा है। वाटर स्पोर्ट्स और विंटर स्पोर्ट्स जैसे क्षेत्रों में प्रतिभाओं की तलाश कर उन्हें उचित प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराकर इन खेलों को विकसित किया जा सकता है।
Advertisement
उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज कोई 5 किलोमीटर तो कोई 10 किलोमीटर दौड़ रहा है, कोई पहली बार योगासन कर खुशी मना रहा है तो कोई परिवार के साथ बैडमिंटन खेल रहा है। पढ़ाई और करियर के टाइम टेबल में भी खेलों को स्थान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को प्ले स्टेशन से ज्यादा प्ले ग्राउंड की जरूरत है।
प्रधानमंत्री ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से खिलाड़ियों को मिल रही प्रशिक्षण सुविधाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नए उपकरण, स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन और स्पोर्ट्स साइकोलॉजी जैसी सुविधाओं से युवा खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। फिट इंडिया साइकिल अभियान और नशामुक्त भारत अभियान के माध्यम से भी युवाओं को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ध्रुव भूषण सिंह, खेल प्रभारी डॉ. नौशाद अहमद सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।