धानापुर पीजी कॉलेज में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ संकल्प कार्यक्रम, प्रधानमंत्री का लाइव प्रसारण देखा गया
शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ संकल्प अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने देखा।
धानापुर, चंदौली

4:10 PM, Aug 2, 2026
धानापुर। शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ संकल्प अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने देखा।
कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, गीत एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। नुक्कड़ नाटक में संदेश दिया गया कि "एक भूल पूरी जिंदगी को बर्बाद कर सकती है। एक बार लिया गया नशे का कश व्यक्ति को इसकी गिरफ्त में ले लेता है।" कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुति के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
लाइव संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह अभियान केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे और ड्रग्स के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें इससे दूर रखना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का पायलट प्रोजेक्ट काशी की पावन धरती से प्रारंभ हुआ, जिसमें 125 सामाजिक संगठनों ने संकल्प लिया। आज यह जनकल्याणकारी अभियान पूरे देश में विस्तार पा रहा है और इससे एक करोड़ से अधिक युवा जुड़ चुके हैं।
Advertisement
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार की आवश्यकता है। आज भारतीय युवा स्टार्टअप की दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं, लेकिन नशे की लत उनके सपनों और भविष्य को छीन लेती है। इसलिए समाज के प्रत्येक युवा को नशे से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ध्रुव भूषण सिंह ने की। इस अवसर पर श्री सरोज कुमार पाण्डेय, डॉ. प्रवीण कुमार भारती, श्रीमती पूनम निर्मल, श्रीमती किरण यादव, डॉ. संदीप कुमार यादव, डॉ. रीना सिंह, डॉ. लल्लन भारती, डॉ. प्रदीप वर्मा, श्री प्रवेश कुमार सिंह, डॉ. विजय श्रीवास्तव, डॉ. पुष्कर मिश्रा, डॉ. नौशाद, डॉ. सत्यप्रकाश, अजीत चंद्र, आदित्य, नंदलाल, दिनेश, मंजरी सहित महाविद्यालय के रोवर्स-रेंजर्स के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
