सप्ताह भर से ठप पेयजल आपूर्ति, नौ गांवों के ग्रामीण परेशान
कर्मा (सोनभद्र )। स्थानीय बाजार स्थित पेयजल निगम की पानी टंकी से क्षेत्र के नौ गांवों में पिछले करीब एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप है। इससे हजारों ग्रामीणों के सामने पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है। दीपावली जैसे त्योहार पर भी पानी नहीं मिलने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
सोनभद्र,

5:08 PM, Nov 6, 2026
हनीफ खान
जनपद न्यूज़ टाइम्सकर्मा (सोनभद्र )। स्थानीय बाजार स्थित पेयजल निगम की पानी टंकी से क्षेत्र के नौ गांवों में पिछले करीब एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप है। इससे हजारों ग्रामीणों के सामने पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है। दीपावली जैसे त्योहार पर भी पानी नहीं मिलने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
कर्मा बाजार में स्थित 16 मीटर ऊंची पानी की टंकी से धौरहरा, सिरविट, गणेशपुर, मदैनिया, कर्मा, चांड़ी, पड़रवा, बिजनपुर और हिनौता गांवों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। इसके संचालन के लिए विभाग की ओर से कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है, बावजूद इसके करीब एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति बंद है।
धौरहरा गांव के पूर्व ग्राम प्रधान द्वारिका प्रसाद और बिंदू प्रसाद ने बताया कि गांव में दशहरे के त्योहार पर भी पेयजल आपूर्ति बाधित रही थी। अब दीपावली के दौरान भी पिछले एक सप्ताह से पानी नहीं मिल रहा है। उनका आरोप है कि टंकी के पास बने कर्मचारी आवास पर भी कोई कर्मचारी मौजूद नहीं रहता है।
Advertisement
इस संबंध में अवर अभियंता (एई) पंकज कुमार से बात की गई तो उन्होंने मामले को गंभीरता से दिखवाकर पेयजल आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास करने की बात कही।
ग्रामीणों का कहना है कि अभी सभी गांवों में हर घर नल योजना के तहत पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। ऐसे में सरकारी टंकी से होने वाली जलापूर्ति बंद होने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
