झाड़-झंखाड़ व संकरे रेगुलेटर से बाधित जलनिकासी, किसानों ने जताई नाराजगी
शहाबगंज, चंदौली। शहाबगंज ब्लॉक क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ और जलभराव की समस्या गंभीर बनी हुई है। राइट कैनाल की लेहरा शाख में पहाड़पुर के पास झाड़-झंखाड़, घास-फूस, पेड़-पौधों और कथित अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है। इससे किसानों की फसलें जलमग्न होने का खतरा बना हुआ है।
शहाबगंज, चंदौली

5:51 PM, Aug 28, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज, चंदौली। शहाबगंज ब्लॉक क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ और जलभराव की समस्या गंभीर बनी हुई है। राइट कैनाल की लेहरा शाख में पहाड़पुर के पास झाड़-झंखाड़, घास-फूस, पेड़-पौधों और कथित अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है। इससे किसानों की फसलें जलमग्न होने का खतरा बना हुआ है।
किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सिंचाई विभाग के प्रति नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि गर्मी के दिनों में सिंचाई विभाग द्वारा नहर की आधी-अधूरी सफाई कराई गई थी, जिसके कारण वर्तमान में बाढ़ का पानी आगे निकलने में परेशानी हो रही है।
किसान विकास मंच के कार्यकर्ता अरुण सिंह ने बताया कि पहाड़पुर में पहले सिंचाई विभाग द्वारा बनाई गई सकरी फाल टूटने के बाद वहां रेगुलेटर का निर्माण कराया गया था। बदलती परिस्थितियों में यह रेगुलेटर पर्याप्त चौड़ा नहीं होने के कारण पानी के तेज बहाव और निकासी में बाधा बन रहा है। उन्होंने कहा कि नहर काफी चौड़ी है, जबकि रेगुलेटर की चौड़ाई मात्र पांच से छह फीट है। इसे डबल गेट का बनाकर चौड़ा किया जाना चाहिए, तभी बाढ़ की समस्या से राहत मिल सकेगी।
किसान राजन पांडेय ने कहा कि पिछले वर्ष बाढ़ के कारण किसानों की उपज आधी से एक तिहाई तक रह गई थी। यदि इस वर्ष भी जलनिकासी में इसी तरह अवरोध बना रहा तो किसानों की पैदावार पूरी तरह प्रभावित हो सकती है।
Advertisement
किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने बताया कि फोटो और वीडियो क्लिप के माध्यम से सिंचाई विभाग के आला अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि लेहरा शाख और मसोई माइनर के माध्यम से अरारी, बेलासपुर, डुमरी, अमांव, भूसी, इटहिया, हड़ौरा, मसोई सहित दर्जनों गांवों का बाढ़ का पानी निकलता है। ऐसे में नहर की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करना आवश्यक है।
उन्होंने सिंचाई विभाग से समस्या का गंभीरतापूर्वक समाधान कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो किसान विवश होकर विभाग के खिलाफ अनशन और प्रदर्शन करेंगे।
इस दौरान अंबरीष कुमार पांडेय, अरुण सिंह, राम अवध सिंह, विनायक सिंह, जयराज सिंह, रजनीकांत सिंह, शैलेश सिंह, जयप्रकाश सिंह सहित अन्य किसान व किसान विकास मंच के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
