इलिया-शहाबगंज मार्ग पर नाली खुदाई शुरू, जलजमाव से मिलेगी राहत
इलिया-शहाबगंज मार्ग पर शराब की दुकान के समीप लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या से राहगीरों और ग्रामीणों को जल्द निजात मिलने की उम्मीद जगी है। बुधवार को एडीओ पंचायत अरविन्द सिंह की देखरेख में जेसीबी मशीन से नाली की खुदाई का कार्य प्रारंभ कराया गया। कार्य के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी अथवा विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस भी मौके पर मुस्तैद रही।
शहाबगंज, चंदौली

4:16 PM, Aug 14, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्स
तीन-चार वर्षों से सड़क पर जमा पानी से परेशान थे ग्रामीण, गड़बड़ी की आशंका में पुलिस रही मुस्तैद
शहाबगंज। इलिया-शहाबगंज मार्ग पर शराब की दुकान के समीप लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या से राहगीरों और ग्रामीणों को जल्द निजात मिलने की उम्मीद जगी है। बुधवार को एडीओ पंचायत अरविन्द सिंह की देखरेख में जेसीबी मशीन से नाली की खुदाई का कार्य प्रारंभ कराया गया। कार्य के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी अथवा विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस भी मौके पर मुस्तैद रही।
बताया जाता है कि उक्त स्थान पर पिछले तीन-चार वर्षों से सड़क के किनारे जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी जमा रहता था। बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती थी। सड़क पर पानी भरने से राहगीरों, वाहन चालकों तथा आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने पहले खंड विकास अधिकारी से शिकायत की। इसके बाद जिलाधिकारी सहित उच्चाधिकारियों से भी जलजमाव की समस्या दूर कराने की फरियाद लगाई थी।
ग्रामीणों की लगातार मांग और समस्या को गंभीरता से लेते हुए अब नाली निर्माण के लिए खुदाई का कार्य शुरू कराया गया है। नाली बनने से सड़क पर जमा पानी की निकासी सुचारु होने की उम्मीद है। इससे बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या काफी हद तक कम हो सकेगी और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
Advertisement
मौके पर एडीओ पंचायत अरविन्द सिंह ने कहा कि जलनिकासी की समस्या को दूर करने के लिए नाली की खुदाई का कार्य शुरू कराया गया है। कार्य की निगरानी की जा रही है, ताकि नाली सही ढंग से बने और पानी की निकासी सुनिश्चित हो सके।
वहीं बीडीओ दिनेश सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत को संज्ञान में लेकर जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्य कराया जा रहा है। नाली बनने से सड़क पर पानी जमा होने की समस्या दूर होगी और राहगीरों को राहत मिलेगी।
इस दौरान एडीओ आरडी अजय प्रताप सिंह सहित संबंधित कर्मचारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
