प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शहाबगंज में समय से नहीं पहुंच रहे चिकित्सक, मरीज परेशान
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शहाबगंज पर चिकित्सकों के समय से नहीं पहुंचने के कारण दूर-दराज से आने वाले मरीजों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शासन की ओर से अस्पताल संचालन का समय सुबह 8 बजे निर्धारित किया गया है, लेकिन शुक्रवार को सुबह सवा दस बजे तक चिकित्सक ओपीडी में नहीं पहुंचे थे। इससे इलाज कराने आए मरीज घंटों इंतजार करने को विवश रहे।
शहाबगंज, चंदाई

11:50 AM, May 22, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्स
शहाबगंज। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शहाबगंज पर चिकित्सकों के समय से नहीं पहुंचने के कारण दूर-दराज से आने वाले मरीजों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शासन की ओर से अस्पताल संचालन का समय सुबह 8 बजे निर्धारित किया गया है, लेकिन शुक्रवार को सुबह सवा दस बजे तक चिकित्सक ओपीडी में नहीं पहुंचे थे। इससे इलाज कराने आए मरीज घंटों इंतजार करने को विवश रहे।
सुबह से ही अस्पताल परिसर में मरीजों की भीड़ लगी रही। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच मरीज अपने परिजनों के साथ चिकित्सकों के आने का इंतजार करते रहे। कई मरीजों ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। मरीज अर्चना पाल, देवनाथ, नीलम, फिरोज तथा प्रीतम साहनी ने बताया कि गर्मी को देखते हुए वे लोग सुबह ही अस्पताल पहुंच गए थे ताकि समय से उपचार मिल सके, लेकिन सवा दस बजे तक कोई चिकित्सक उपस्थित नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि दूर गांवों से आने वाले मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है।
Advertisement
मरीजों का कहना था कि अस्पताल में समय से डॉक्टरों की उपलब्धता नहीं होने से गरीब और असहाय लोगों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता है। अस्पताल में मौजूद अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने भी चिकित्सकों की कमी की बात स्वीकार की।
इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई के राय ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर चिकित्सकों की कमी के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था बनाकर शीघ्र ही ओपीडी संचालन सुचारु कराया जाएगा ताकि मरीजों को परेशानी न हो।
