जमीनी विवाद, जल-निकासी और सड़क मरम्मत में लापरवाही पर डीएम सख्त
चकिया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों को जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। चकिया तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस की जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त अध्यक्षता की। इस दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, भूमि विवाद समेत विभिन्न मामलों से संबंधित 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें सात मामलों का मौक
चकिया, चंदौली

4:32 PM, Sep 19, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशिकायतों का कागजी निस्तारण नहीं, धरातल पर दिखना चाहिए असर; 42 प्रार्थना पत्रों में सात का मौके पर निस्तारण
चकिया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों को जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। चकिया तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस की जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त अध्यक्षता की। इस दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, भूमि विवाद समेत विभिन्न मामलों से संबंधित 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें सात मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं पांच मामलों में जांच के लिए टीम गठित की गई और शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए सौंपा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिले और कार्रवाई धरातल पर दिखाई दे, यह संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
भूमि विवादों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश
जमीनी विवाद से जुड़े मामलों में भूमि पैमाइश, अवैध कब्जे तथा राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े संयुक्त मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि ऐसे मामलों में दोनों विभाग आपसी समन्वय के साथ निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जलभराव और सड़क की बदहाली पर भी सख्ती
बारिश के कारण जलभराव वाले क्षेत्रों में जल-निकासी की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए संबंधित निकायों और पंचायत प्रतिनिधियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। वहीं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और मेंटेनेंस कार्य में शिथिलता न बरतने के निर्देश भी दिए गए।
Advertisement
फर्जी आख्या मिली तो होगी कार्रवाई
डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा लापरवाही बरती गई या फर्जी आख्या लगाकर शिकायत का निस्तारण दिखाया गया तो संबंधित के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
केयरटेकर के मानदेय का मामला मौके पर पहुंचा डीपीआरओ
समाधान दिवस में सामुदायिक शौचालय ईशापुर कला के केयरटेकर ने मानदेय का भुगतान न होने की शिकायत की। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पंचायत राज अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। जांच में पूर्व सचिव की लापरवाही के कारण भुगतान लंबित होने की बात सामने आई। इस पर डीपीआरओ ने वर्तमान सचिव और ग्राम प्रधान को आवश्यक कार्रवाई करते हुए बकाया मानदेय का भुगतान जल्द कराने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भी पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने थानों से संबंधित मामलों का निष्पक्ष और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी, डीसी मनरेगा, उप जिलाधिकारी चकिया, क्षेत्राधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, नायब तहसीलदार सहित राजस्व, विकास, विद्युत और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
