उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग के लिए बने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इसके बाद परीक्षा कक्ष में पहुंचकर परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र व आधार कार्ड की जांच भी की।
चंदौली

5:57 PM, Mar 14, 2026
चंदौली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग व पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने शनिवार को महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज चंदौली का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग के लिए बने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इसके बाद परीक्षा कक्ष में पहुंचकर परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र व आधार कार्ड की जांच भी की।
Advertisement
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं केंद्र व्यवस्थापक के साथ सेक्टर, जोनल व स्टैटिक मजिस्ट्रेट को कड़े निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी अपने दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी केंद्र पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनपद के कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन दो पालियों में परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। प्रथम पाली में 3600 अभ्यर्थियों में से 2488 उपस्थित रहे, जबकि 1112 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 3600 में से 2606 अभ्यर्थी उपस्थित रहे और 994 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
