डीएम-एसपी ने धौरहरा के विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, बच्चों का परखा शैक्षणिक स्तर
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने गुरुवार को संयुक्त रूप से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय धौरहरा और प्राथमिक विद्यालय धौरहरा का औचक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली।
चंदौली

4:25 PM, Aug 20, 2026
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने गुरुवार को संयुक्त रूप से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय धौरहरा और प्राथमिक विद्यालय धौरहरा का औचक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली।
इस दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक अधिकारियों से डॉक्टर, आईएएस, आईपीएस और सेना में भर्ती होकर देश व समाज की सेवा करने के तरीकों के बारे में सवाल किए। अधिकारियों ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें नियमित रूप से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डीएम ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के छात्रावास का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शयन कक्ष, साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था देखी। इसके बाद रसोईघर पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता जांची और मीनू के अनुसार भोजन तैयार कराने के निर्देश दिए।
Advertisement
जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्राथमिक स्तर पर बच्चों की नींव मजबूत करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने मिड-डे मील में मानकों का शत-प्रतिशत पालन, विद्यालय परिसर में स्वच्छता और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। शिक्षकों से नवीन शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से बच्चों के बौद्धिक विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की नियमित गश्त जारी रहेगी। बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में 112 और 1090 हेल्पलाइन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
एसपी ने विद्यालय प्रशासन को सुरक्षा से जुड़े सभी उपकरणों को कार्यशील रखने तथा बिना अनुमति किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार को निर्देश दिया कि वह स्वयं और खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से क्षेत्र के विद्यालयों की नियमित औचक मॉनिटरिंग कराएं। निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों की प्रगति रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
