पीड़ितों की चौखट तक पहुंचे डीएम, बारिश प्रभावित गांवों में जाना हाल
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार को चकिया तहसील क्षेत्र के बारिश प्रभावित बहोरा (कुर्थिया), सिकठिया (चित्तौड़ी) और पिपराकला गांवों का दौरा किया। उन्होंने हाल में हुई भारी बारिश से क्षतिग्रस्त और ढहे मकानों का जायजा लिया। साथ ही पिछले वर्ष बारिश में बेघर हुए परिवारों के लिए बन चुके नए आवासों का भी भौतिक सत्यापन किया
चंदौली

5:29 PM, Sep 9, 2026
क्षतिग्रस्त मकानों का लिया जायजा, बेघर परिवारों के पुनर्वास में तेजी लाने के निर्देश
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार को चकिया तहसील क्षेत्र के बारिश प्रभावित बहोरा (कुर्थिया), सिकठिया (चित्तौड़ी) और पिपराकला गांवों का दौरा किया। उन्होंने हाल में हुई भारी बारिश से क्षतिग्रस्त और ढहे मकानों का जायजा लिया। साथ ही पिछले वर्ष बारिश में बेघर हुए परिवारों के लिए बन चुके नए आवासों का भी भौतिक सत्यापन किया।
डीएम ग्रामीणों की चौखट तक पहुंचे और प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम चकिया और बीडीओ को निर्देश दिया कि बारिश से बेघर हुए परिवारों के पुनर्वास में किसी तरह की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
जिलाधिकारी ने कई स्थानों पर पैदल पहुंचकर जमीनी स्थिति देखी और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। महिलाओं से स्वयं सहायता समूह, शौचालय निर्माण, आयुष्मान भारत कार्ड, मुफ्त राशन वितरण और मनरेगा के तहत रोजगार मिलने की स्थिति के बारे में फीडबैक लिया।
Advertisement
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांव में कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। जिन पात्र लोगों के आवेदन अभी तक नहीं हुए हैं, उनके तत्काल फॉर्म भरवाकर योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जाए।
'संकट की घड़ी में प्रशासन आपके साथ'
ग्रामीणों से संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा और संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन पूरी तरह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। बारिश में जिन परिवारों के मकान गिरे या क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल तत्काल राहत पहुंचाना नहीं है, बल्कि प्रभावित परिवारों को पक्का आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन और मनरेगा के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराकर उनके जीवन को दोबारा सामान्य स्थिति में लाना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति का हक नहीं मारा जाएगा। योजना का लाभ मिलने में किसी प्रकार की परेशानी होने पर ग्रामीण सीधे संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें।
जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी-लार्वा छिड़काव के निर्देश
डीएम ने एडीओ पंचायत को गांवों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी-लार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद जलभराव वाले क्षेत्रों में संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।
