मुगलसराय-बबुरी-लेवा मार्ग चौड़ीकरण का डीएम ने किया निरीक्षण, मानसून से पहले पुलिया-नाली निर्माण पूरा करने के सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी मानसून को देखते हुए सभी निर्माण कार्य वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले हर हाल में पूरे किए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों को जलभराव और आवागमन संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
चंदौली

6:51 PM, Jun 18, 2026
चंदौली। मुगलसराय-बबुरी-लेवा मार्ग चौड़ीकरण परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने गुरुवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन पुलिया और ड्रेनेज (नाली) कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी मानसून को देखते हुए सभी निर्माण कार्य वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले हर हाल में पूरे किए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों को जलभराव और आवागमन संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिया और ड्रेनेज निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने और संबंधित अभियंताओं को नियमित रूप से मौके पर मौजूद रहकर निगरानी करने तथा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मैनपावर बढ़ाने तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी, जिससे मुगलसराय-बबुरी-लेवा मार्ग चौड़ीकरण परियोजना को समय से पूरा कर आम जनता को समर्पित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड और कार्यदायी संस्था के अधिकारी भी मौजूद रहे।
Advertisement
मुख्य बिंदु:
मानसून से पहले पुलिया और ड्रेनेज निर्माण पूरा करने के निर्देश।
निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं।