बबुरी में चंद्रप्रभा और गढ़ई नदी का डीएम ने किया निरीक्षण, बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा
चंदौली। लगातार हुई बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के चलते उत्पन्न बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग मंगलवार को बबुरी क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने चंद्रप्रभा नदी और पड़्या स्थित गढ़ई नदी का स्थलीय निरीक्षण कर जलस्तर तथा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति देखी।
चंदौली

3:59 PM, Sep 1, 2026

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता (चंद्रप्रभा) समेत संबंधित अधिकारियों ने डीएम को बताया कि दोनों नदियों का जलस्तर अब तेजी से घट रहा है। बांधों से पानी का डिस्चार्ज भी कम कर दिया गया है। इससे जल्द ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलस्तर घटने के बावजूद जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक सभी अधिकारी क्षेत्र में भ्रमणशील रहें। जलभराव वाले क्षेत्रों में दवा का छिड़काव, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था और प्रभावित फसलों के नुकसान का पारदर्शी आकलन कराया जाए।
Advertisement
उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रत्येक प्रभावित ग्रामीण और किसान तक समय से राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी ग्रामीण या किसान को परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारी लगातार क्षेत्र में निगरानी रखें और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
डीएम के निरीक्षण से ग्रामीणों और किसानों में राहत की उम्मीद जगी। ग्रामीणों ने जलभराव से प्रभावित फसलों का जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। प्रशासन की ओर से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, सिंचाई विभाग के अभियंता तथा स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।