मण्डलीय निरीक्षण अधिकारी ने शहाबगंज ब्लॉक व पीएचसी का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मण्डलीय निरीक्षण अधिकारी प्रज्ञा सिंह ने बुधवार को शहाबगंज विकास खंड कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न पटलों की कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पटल प्रभारियों से उनके कार्यों, अभिलेखों के रखरखाव तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
शहाबगंज, चंदौली

6:38 PM, Jul 15, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज (चंदौली)। मण्डलीय निरीक्षण अधिकारी प्रज्ञा सिंह ने बुधवार को शहाबगंज विकास खंड कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न पटलों की कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पटल प्रभारियों से उनके कार्यों, अभिलेखों के रखरखाव तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीय अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने तथा सभी कार्यों का समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए और कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके उपरांत मण्डलीय निरीक्षण अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी से मुलाकात कर अस्पताल की व्यवस्थाओं, उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में आ रही समस्याओं से भी अवगत हुईं।
Advertisement
प्रज्ञा सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं समस्याओं का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर मंडलायुक्त (कमिश्नर) को भेजा जाएगा, ताकि आवश्यक स्तर पर कार्रवाई करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित कराया जा सके।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह, एडीओ अजय प्रताप सिंह, लेखाकार प्रेम प्रकाश आर्य, रोशन जहांगीर, राघवेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
