चंदौली में बढ़ती गर्मी को लेकर जिलाधिकारी ने की हीटवेव प्रबंधन बैठक, विभागों को दिए जरूरी निर्देश
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि हीटवेव को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए तथा 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। साथ ही सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए उन्हें 24×7 संचालित रखा जाए।
चंदौली

7:53 PM, Apr 24, 2026
चंदौली। जनपद में लगातार बढ़ती गर्मी और लू (हीटवेव) की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हीटवेव प्रबंधन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को लू से बचाव और जनसुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि हीटवेव को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए तथा 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। साथ ही सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए उन्हें 24×7 संचालित रखा जाए।
पशुओं की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को पशुओं को लू से बचाने के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए और नियमित टीकाकरण कराया जाए। साथ ही सभी गौशालाओं में शेड के ऊपर पुवाल बिछाने, जूट के बोरे लगाकर पानी का छिड़काव करने तथा पशुओं के लिए स्वच्छ पानी और चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका, नगर पंचायत, विकास और पंचायती राज विभाग को निर्देश दिया कि मंदिरों, बाजारों, सब्जी मंडियों, चौराहों, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ (शीतल पेयजल) और छायादार स्थानों की व्यवस्था की जाए। जिन दूरदराज क्षेत्रों में पानी की समस्या हो, वहां टैंकरों के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
Advertisement
शिक्षा विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को लू से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए और स्कूल परिसर में पेयजल व पंखों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
परिवहन विभाग को बस स्टैंडों पर यात्रियों के लिए स्वास्थ्य टीम की तैनाती, पेयजल, पंखा-कूलर युक्त कूल रूम तथा बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं श्रम, उद्योग, मंडी समिति सहित अन्य विभागों को कार्यस्थलों पर छाया, पेयजल और कूल रूम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
