तहसील सकलडीहा में जिलाधिकारी व एसपी ने सुनीं जन समस्याएं, 195 शिकायतों में 16 का मौके पर निस्तारण
जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील सकलडीहा सभागार में जनपद स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने की।
सकलडीहा, चंदौली

7:04 PM, Jul 18, 2026
चंदौली। जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील सकलडीहा सभागार में जनपद स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने की।
संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी ढंग से समाधान होना चाहिए।
समाधान दिवस में कुल 195 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 6 मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर जांच एवं निस्तारण के लिए भेजा गया। शेष प्रकरणों के समयसीमा के भीतर निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, सिंचाई, विद्युत एवं पुलिस विभाग से संबंधित थीं। उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन तथा निर्विवाद वरासत जैसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि आईजीआरएस के माध्यम से सभी शिकायतों की नियमित निगरानी की जाती है और तय समय सीमा के भीतर उनका समाधान करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।
धान की रोपाई के मौजूदा मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं पर विशेष चिंता जताई। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि किसानों को सिंचाई, बिजली और खाद की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए।
इस अवसर पर पीडी डीआरडीए बी.बी. सिंह, उप जिलाधिकारी आकांक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, जिला पंचायती राज अधिकारी अविनाश कुमार, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
